वन विभाग की नोटिस के विरोध में उपायुक्त कार्यालय में प्रदर्शन एक को
Patamda : बोड़ाम की बोटा पंचायत के बांदरजलकोचा टोला में 16 आदिम जनजाति के (पहाड़िया) परिवार वर्षों से रहते आ रहे हैं। दलमा की तराई पर आदिकाल से रहने वाले इन परिवारों को सरकार की ओर से वन पट्टा भी उपलब्ध कराई गई है। इसके बावजूद वन विभाग द्वारा वन भूमि पर पक्का मकान बनाए जाने के जुर्म में उन मकानों को खाली किए जाने की नोटिस जारी किए जाने से आदिम जनजाति के पहाड़िया परिवार के लोगों में रोष एवं दहशत भी है।
मामले को लेकर बुधवार को दलमा क्षेत्र ग्राम सभा सुरक्षा मंच के केंद्रीय अध्यक्ष सुखलाल पहाड़िया की अध्यक्षता में बांदरजलकोचा टोला में पहाड़िया परिवारों के साथ बैठक की गई। इस दौरान अध्यक्ष ने उनकी समस्याएं सुनीं और निर्णय हुआ कि वन विभाग द्वारा जारी नोटिस के विरोध में आगामी 1 जुलाई को उपायुक्त कार्यालय में धरना प्रदर्शन किया जाएगा। सुखलाल पहाड़िया ने कहा कि आदिकाल से जंगल में रहने वाले आदिम जनजाति को ही विभाग द्वारा वन क्षेत्र से वंचित किया जा रहा है, इस मामले को लेकर जिला से लेकर राज्य स्तर तक आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 2021 से 2024 तक बारी-बारी से सभी परिवारों को वनपट्टा निर्गत किए जाने के बावजूद वन विभाग द्वारा बार बार मकान तोड़ने का नोटिस भेजी जा रही है। जबकि उन सभी परिवारों को सरकार द्वारा पीएम आवास व बिरसा आवास, बिजली, पानी के साथ-साथ राशन कार्ड, आधार कार्ड, लेबर कार्ड भी मुहैया कराया गया है। मौके पर मंच के संस्थापक सदस्य जागरण पाल, अध्यक्ष सुखलाल पहाड़िया, छतर पहाड़िया एवं डॉ. सत्यनारायण मुर्मू आदि मौजूद थे।





