एसएस +2 हाई स्कूल पटमदा समेत कई स्कूलों में शिक्षक-अभिभावक संगोष्ठी का आयोजन, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सम्मानित

Patamda: एसएस (राज्य संपोषित) प्लस टू हाई स्कूल पटमदा में बुधवार को शिक्षक-अभिभावक संगोष्ठी का आयोजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में विधायक प्रतिनिधि चंद्रशेखर टुडू उपस्थित थे। कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. मिथिलेश कुमार ने स्वागत भाषण प्रस्तुत किया। स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए उन्हें सम्मानित किया गया। प्रोजेक्ट रेल में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र, वहीं शत प्रतिशत उपस्थिति प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मान पत्र प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त ओलंपिक दिवस, पोषण पखवाड़ा, तथा प्रोजेक्ट इंपैक्ट के अंतर्गत “एक पेड़ मां के नाम” कार्यक्रम में भागीदारी हेतु इको क्लब के सदस्यों को भी सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि टुडू ने कहा कि विद्यालय में विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति, निशुल्क पोशाक, स्मार्ट क्लास, लैब एवं पुस्तकालय जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने छात्रों को नियमित रूप से विद्यालय आने के लिए प्रोत्साहित किया। 11वीं की छात्रा संगीता दास ने स्वागत गीत एवं नशा मुक्ति गीत प्रस्तुत किया। जबकि 12वीं की छात्रा ऋतु महतो ने स्वागत नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। गोष्ठी में उपस्थित शिक्षकों ने अटेंडेंस, स्व-अध्ययन के महत्व, नशा मुक्ति, पोक्सो एक्ट, पेंटिंग एवं स्वच्छता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अभिभावकों के साथ संवाद स्थापित किया। मंच संचालन भारती कुमारी द्वारा किया गया। प्राचार्य ने बताया कि इस आयोजन ने शिक्षकों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों के बीच सकारात्मक संवाद स्थापित कर शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने की दिशा में एक सशक्त कदम रखा।
प्राथमिक विद्यालय राखडीह में शिक्षक-अभिभावक बैठक संपन्न

Patamda : पटमदा प्रखंड अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय राखडीह में बुधवार को शिक्षक -अभिभावक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता एसएमसी अध्यक्ष सुनील कुंभकार ने की। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक प्रबोध कुमार महतो ने अभिभावकों का स्वागत किया एवं बैठक के बारे में जानकारी दी। प्रधानाध्यापक ने कहा कि बैठक का मुख्य उद्देश्य माता-पिता और शिक्षकों के बीच संवाद स्थापित करना है, ताकि वे बच्चों की शैक्षणिक और व्यक्तिगत प्रगति पर चर्चा कर सके। यह बैठक बच्चों के सीखने के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए एक साथ काम करने का अवसर प्रदान करती है। घर पर बच्चों के व्यवहार को बेहतर बनाने के लिए माता-पिता को सुझाव दिए जा सकते हैं। यह सुनिश्चित करता है कि बच्चों को स्कूल और घर दोनों जगह का समर्थन मिले। बैठक में शिक्षक और माता-पिता बच्चों के लिए शैक्षणिक और व्यक्तिगत लक्ष्य निर्धारित कर सकते हैं तथा उस लक्ष्य को पाने के लिए बच्चों को प्रेरित कर सकते हैं । शिक्षक एवं अभिभावक हमेशा बच्चों की शैक्षणिक प्रगति को लेकर चिंतित रहते हैं, पीटीएम की बैठक में माता – पिता के साथ-साथ शिक्षक अपनी चिंता और बच्चों से संबंधित समस्याओं को एक दूसरे के साथ साझा कर सटीक समाधान निकालने में सक्षम हो पाते हैं। इसके बाद बैठक में 6 से 14 आयु वर्ग के शत- प्रतिशत बच्चों का नामांकन एवं ठहराव, एक पेड़ मां के नाम लगाना, शत प्रतिशत बच्चों की उपस्थिति, रेल प्रोजेक्ट, प्रयास कार्यक्रम, नशा मुक्ति, पोक्सो एक्ट, बाल मजदूरी, बाल विवाह, सभी बच्चों का आधार, बैंक खाता, वार्षिक शिक्षक कैलेंडर पर चर्चा, विद्यालय विकास अनुदान पर चर्चा, हाउस निर्माण कार्यों की समीक्षा तथा विद्यालय परिसर एवं आसपास साफ- सफाई पर चर्चा की गई। मौके पर वार्ड सदस्य पुतुल कुंभकार, सहायक शिक्षिका प्रीतीलता महतो, एसएमसी सदस्य शेफाली महतो, सुनीता कुंभकार व कौशल्या कुंभकार सहित अन्य उपस्थित थे।





