टैगोर सोसायटी का जोड़सा सबर टोला में वन महोत्सव सह रक्षाबंधन कार्यक्रम
Patamda: पटमदा प्रखंड अंतर्गत जोड़सा सबर टोला में शनिवार को टैगोर सोसायटी फॉर रूरल डेवलपमेंट के सहयोग से वन रक्षा समिति जोड़सा की ओर से वन महोत्सव सह रक्षाबंधन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रखंड प्रमुख बालिका सोरेन व विशिष्ट अतिथियों में पटमदा थाना प्रभारी करमपाल भगत, बुजुर्ग सुखदेव माझी, माधव सिंह व बंक सबर शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने द्वीप प्रज्ज्वलित कर एवं भगवान बिरसा मुंडा, कवि गुरु रविन्द्र नाथ ठाकुर व दिशोम गुरु शिबू सोरेन के चित्र पर पुष्प अर्पित करते हुए किया।
कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंची सबर बहनों ने पटमदा थाना प्रभारी समेत अन्य सभी भाइयों की कलाइयों में रक्षा सूत्र बांधकर दीर्घायु होने की कामना की। भाइयों ने भी बहनों के हर सुख दुःख में साथ में खड़ा रहने का वचन दिया। इस दौरान सबर बहनों ने जंगल में मौजूद साल वृक्षों पर रक्षा सूत्र बांधकर जंगल को बचाने का संकल्प लिया। सबर बच्चों के बीच वस्त्र वितरण भी किया गया। मौके पर टैगोर सोसाइटी के नंदलाल बॉक्सी, भीष्मनाथ महतो, पंचानन दास, रूपाली बक्सी, कालीपद सांतरा, आनंदमय महतो, तापस केडिया, अरुण कुमार, श्यामपद सिंह, नवीन सिंह, देवेंद्र कुंभकार, शशांक शेखर प्रमाणिक, उमा शंकर कुंभकार व अक्षय कुंभकार आदि उपस्थित थे।





