पटमदा के चुड़दा में मां ने डांटा तो घर से भाग गया बेटा, परिजन परेशान
संदीप महतो
Patamda: पटमदा थाना क्षेत्र की लच्छीपुर पंचायत अंतर्गत ग्राम चुड़दा निवासी संतोष महतो का 11 वर्षीय बेटा संदीप महतो सोमवार को दोपहर 2 बजे के बाद से लापता हो गया है।
चिंतित परिजन

पेशे से ट्यूशन शिक्षक संतोष महतो ने बताया कि संदीप उनका एकमात्र पुत्र है जो मध्य विद्यालय चुड़दा में कक्षा छह का छात्र है। वह आज सुबह स्कूल नहीं जाकर शिव मंदिर में पूजा किया और खेती के काम में मदद भी किया। दोपहर को खाना खाने के बाद घर में रखे कुछ लोहे के सामानों को गांव में आए एक स्क्रैप व्यापारी के हाथों बेचने जा रहा था। इस पर उसकी मां ने कुछ सामानों को काम का होने की बात कहते हुए मना कर दिया तो वह नाराज हो गया। फिर घर में घुसकर अपनी दीदी के बैग में रखा 50 रुपए का एक नोट लेकर घर से गायब हो गया। जब वह 4 बजे तक घर नहीं लौटा तो उसकी खोजबीन शुरू हुई लेकिन कोई पता नहीं चला। देर शाम गांव के एक व्यक्ति ने बताया कि शाम करीब 4 से 5 बजे के बीच बामनी में दत्ता होटल के पास से संदीप को पैदल गुजरते हुए देखा लेकिन उसे आवाज देने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला। रात करीब 10 बजे तक कोई पता नहीं चलने से परिजन काफी परेशान थे और 10 बजे के बाद पटमदा थाना पहुंचकर मामले की जानकारी देते हुए पुलिस से मदद की गुहार लगाई गई है।





