मंत्री रामदास सोरेन का पार्थिव शरीर विमान से 10 बजे लाया जाएगा रांची
Jamshedpur: राज्य के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन का पार्थिव शरीर दिल्ली के अपोलो अस्पताल से शनिवार को सुबह 8.40 के विमान से रांची लाया जा रहा है। वहां से शव को श्रद्धांजलि देने के लिए विधानसभा परिसर ले जाया जाएगा। फिर वहां से सीधे घाटशिला। घाटशिला से उनका शव करीब 3 बजे जमशेदपुर के घोड़ाबांधा लाया जाएगा। वहीं पर घर के पास उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
सूत्रों के मुताबिक जमशेदपुर में सुबह से ही यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने पुलिस जवानों को विभिन्न चौक – चौराहों में तैनात कर दिया है। दूसरी ओर मंत्री रामदास सोरेन के निधन की खबर से पूरे राज्य में शोक की लहर दौड़ गई है और सोशल मीडिया के माध्यम से लोग उनके असामयिक निधन की अपूरणीय क्षति बताते हुए शोक व्यक्त कर रहे हैं। इस खबर के बाद पूर्वी सिंहभूम जिले के विभिन्न जगहों से शनिवार को गुरुजी शिबू सोरेन के श्राद्ध भोज में शामिल होने का कार्यक्रम बना चुके लोगों ने दौरे को रद्द कर दिया है। बोड़ाम निवासी झारखंड आंदोलनकारी मनबोध महतो ने बताया कि हमने आज एक ऐसा साथी को खो दिया है जो लड़ाकू व्यक्ति थे और हर वक्त मदद के लिए तैयार रहते थे। उनके साथ लंबे समय तक राजनीति में सक्रिय रहकर अलग राज्य की लड़ाई में साथ काम कर चुके हैं। वह राज्य की जनता के लिए बेहतर काम कर रहे थे लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।






























