पटमदा के लावा में वित्तीय समावेशन कैंप आयोजित, 2 पीड़ित परिवारों को मिला 2-2 लाख का चेक

Patamda: पटमदा प्रखंड के लावा पंचायत भवन में सोमवार को बैंक ऑफ इंडिया की ओर से वित्तीय समावेशन कैंप आयोजित किया गया। इसमें उपस्थित लोगों को बैंक ऑफ इंडिया के मुंबई स्थित मुख्यालय से आए महाप्रबंधक शंकर सेन द्वारा प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, री-केवाईसी, जनधन योजना व अटल पेंशन योजना के बारे में जानकारी दी गई।
आंचलिक प्रबंधक ने कहा कि बैंक ऑफ इंडिया के जो भी खाताधारी हैं वह जल्द से जल्द बैंक बीसी एवं शाखा के माध्यम से री-केवाईसी करवाएं। साथ ही अपने एवं अपने परिवार के सदस्यों का पीएमएसबीवाई एवं पीएमजेजेबीवाई करवाना सुनिश्चित करें। इस दौरान पीड़ित परिवार के नामित सदस्यों को दो लाख का चेक और जेएसएलपीएस द्वारा संचालित एसएचजी महिलाओं को स्वरोजगार हेतु ऋण प्रदान किया गया। इस कैंप में 200 से अधिक लोगों ने भाग लिया।
मौके पर बैंक ऑफ इंडिया के महाप्रबंधक शंकर सेन, आंचलिक प्रबंधक पंकज कुमार मिश्रा, अग्रणी जिला प्रबंधक संजीव चौधरी, प्रखंड विकास अधिकारी शशि नीलिमा डुंगडुंग, बैंक ऑफ इंडिया पटमदा शाखा प्रबंधक आराधना कुमारी, सहायक प्रबंधक नाथुनी सिंह और जेएसएलपीएस के बीपीएम एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे। इस संबंध में बीमा अभिकर्ता प्रियरंजन दास ने बताया कि बोड़ाम की भादू महतो को प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत 12 रुपए की प्रीमियम पर 2 लाख का क्लेम मिला जबकि पटमदा की महुलबना निवासी नमिता प्रमाणिक को उनके पति की प्राकृतिक मृत्यु पर 436 रुपए की प्रीमियम पर प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत 2 लाख का चेक प्रदान किया गया।





