पटमदा के कई गांवों में हुई मां मनसा देवी की पूजा, स्कूलों में बच्चों की उपस्थिति रही नगण्य
Patamda : बांग्ला सावन संक्रांति के उपलक्ष्य में आयोजित मां मनसा देवी की पूजा को लेकर सोमवार को विभिन्न सरकारी व गैर सरकारी विद्यालयों में बच्चों की उपस्थिति नगण्य रही। दरअसल रविवार को देर रात तक पूजा अर्चना के पश्चात अधिकांश पूजा कमेटियों द्वारा सांस्कृतिक व धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किए जाने पर सुबह तक गांव के लोगों ने उसका आनंद उठाया। इसके बाद सुबह से ही प्रसाद खाने व खिलाने का दौर शुरू हुआ जो देर शाम तक चलता रहा।
यही वजह है कि शिक्षकों की लाख कोशिशों के बावजूद बच्चे विद्यालयों से दूर रहे। पटमदा के पाथरडीह प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक रवि नरेश प्रसाद की ओर से काफी प्रयास किए जाने के बावजूद महज 16 बच्चे ही उपस्थित हुए। हालांकि नियमानुसार अन्य सभी बच्चों ने प्रधान शिक्षक के नाम छुट्टी हेतु आवेदन पत्र जमा किए। एक अनुमान के मुताबिक क्षेत्र के सभी विद्यालयों की उपस्थिति का औसत प्रतिशत 30 से 40 ही रही। सोमवार को पटमदा के गोलकाटा, गोपालपुर, बिड़रा, पटमदा बस्ती, जाल्ला, लावा, बेंझाम, रांगाटांड़, बिरखाम, बांसगढ़, सुंदरपुर, कुमीर, बनकुंचिया, राहेड़डीह तथा बोड़ाम प्रखंड के सुसनी, रूपसान, कुईयानी, लावजोड़ा, माधवपुर आदि गांवों में उत्सव का माहौल रहा। इन गांवों के अधिकांश घरों में सुबह से शाम तक मेहमानों की भीड़ देखी गई।





