पटमदा में पशुपालन विभाग का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

Patamda: जिला प्रशासन के निर्देश पर बुधवार को पटमदा प्रखंड परिसर स्थित लावा पंचायत भवन सभागार में प्रभारी प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी डॉ. सुमन विश्वास द्वारा मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के प्रचार-प्रसार, पशुधन को आधुनिक तरीके से प्रबंधन तथा पशु बीमा से संबंधित एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ. समरजीत मंडल, विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रखंड प्रमुख बालिका सोरेन व जिला से आए पशु चिकित्सक डॉ. आशुतोष मांझी, डॉ. राजेश कुमार सिंह, जेएसएलपीएस के बीपीएम, एफपीओ राजेश रंजन, पटमदा के सभी कृत्रिम गर्भाधान कर्मी एवं मोबाइल वेटनरी वैन 1962 के द्वारा मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजनाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया गया कि कैसे इच्छुक पशुपालकों से प्रपत्र भरा जाएगा, पशुओं का उत्तम प्रबंधन कैसे किया जाता है, मुख्यमंत्री पशुधन बीमा योजना में क्या-क्या प्रावधान है तथा इसका लाभ योग्य पशुपालक कैसे प्राप्त कर सकते हैं। जेएसएलपीएस के महिला समूह से यह आग्रह किया गया कि वह प्रखंड के सभी ग्रामों में जाकर मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना तथा पशुधन बीमा योजना के विषय में किसानो तक जानकारी उपलब्ध कराए।

मौके पर प्रखंड के जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं सभी एआई कार्यकर्ता, टीकाकर्मी, मुख्यमंत्री पशुधन विकास कार्यक्रम के लाभुक, टैगोर सोसाइटी पटमदा के कर्मी एवं पशु सखी उपस्थित थे।इसके उपरान्त जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ. समरजीत मंडल ने प्रखंड स्तरीय टीम के साथ पटमदा ग्रामीण पोल्ट्री सोसाइटी धाधकीडीह गांव का दौरा किया एवं पूर्वी सिंहभूम के एलडीएम के साथ बैठक करते हुए पोल्ट्री के व्यवसाय से जुड़ीं महिलाओं के आर्थिक उन्नयन हेतु विचार विमर्श किया गया।





