यातायात संबंधी शिकायतों को लेकर आजसू पार्टी ने उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन, सांसद विद्युत वरण एवं पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस भी रहे मौजूद

यातायात पुलिस पहले अपनी वाहनों के कागजात दुरुस्त करें : सहिस

अधिकारी जब खुद ही कानून तोड़ेंगे तो आम जनता से कैसे पालन करायेंगे : कन्हैया सिंह
Jamshedpur: मंगलवार क़ो आजसू पार्टी की ओर से पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष के नेतृत्व में उपायुक्त को 5 सूत्री ज्ञापन सौंपा गया। मौके पर जमशेदपुर के एनडीए सांसद विद्युत वरण महतो, पूर्व मंत्री सह आजसू पार्टी के प्रधान महासचिव रामचंद्र सहिस, जिला प्रवक्ता अप्पू तिवारी, ललन झा, मंगल टुडू, चंद्रेश्वर पांडेय, विमल मौर्या, मंटू शुक्ला, अमित महतो, धनेश कर्मकार, मनोज महतो, ललित सिंह, प्रवीण प्रसाद, मुन्ना भाई व राहुल दास समेत आदि मौजूद रहे। ज्ञापन के माध्यम से पुलिस प्रशासन द्वारा आम लोगों को जांच के नाम पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया गया है। आरोप है कि उच्च न्यायालय का हवाला देकर पिछले दो दिनों से सभी राजनीतिक दलों के नेताओं की गाड़ियों से झंडे उतारकर जुर्माना वसूला जा रहा है। शहर में पार्किंग के नाम पर भी आम लोगों के लिए कठोर नियम एवं खास लोगों के लिए सहानुभूति दिखाई जा रही है।
ज्ञापन के माध्यम से की गई शिकायत एवं मांगें इस प्रकार हैं:
1. वाहन में झंडा, काला शीशा, प्रेशर हॉर्न हटाने को लेकर पुलिस अचानक सड़क पर उतरकर गाड़ियों की धर-पकड़ शुरू कर देती है और हम जनप्रतिनिधियों के साथ गलत सलूक करने लगती है और एक घंटे का समय भी नहीं देती है। वहीं अगर ऑटो चालकों को लेकर अगर कोई नियम बनता है तो पुलिस प्रशासन द्वारा शहर के सभी ऑटो चालकों के साथ बैठकर नियमों का पालन करने हेतु समय दिया जाता है परन्तु हम सभी दलों के जनप्रतिनिधियों को बगैर सूचित किए झंडे लगी गाड़ियों से जुर्माना वसूलना शुरू कर दिया जाता है। इसकी जांच की जाए।
2. अगर हम जनप्रतिनिधियों की गाड़ी पर झंडा व बोर्ड लगाना मना है तो सभी निजी वाहनों पर आगे पुलिस का बोर्ड, काला शीशा लगाकर पुलिस के परिवार वालों के चलने पर भी रोक लगाई जाए।
3. आम आदमी के वाहनों का अगर प्रदूषण प्रमाण पत्र, इंश्योरेंस पेपर एक दिन भी फेल हो जाता है तो उसको तुरंत जुर्माना के नाम पर रसीद काट दिया जाता है और पुलिस प्रशासन की कई गाड़ियां जो वर्षों से इंश्योरेंस फेल है, प्रदुषण प्रमाण पत्र नहीं बनाए हैं, गाड़ी की अवधि समाप्त हो गई है, गहरा काला शीशा लगा हुआ है, थाना में चोरी के नाम पर जब्त की गई गाड़ियों का इस्तेमाल करना एवं पुलिस पदाधिकारियों द्वारा बगैर नंबर के गाड़ी का इस्तेमाल हो रहा है जिससे बहुत बड़ा राजस्व का नुकसान हो रहा है, वैसे पुलिस पदाधिकारी एवं जिला प्रशासन की गाड़ियों को जब्त कर जुर्माना वसूला जाए।
4. शहर में नो पार्किंग के नाम पर छोटे एवं मझोले दुकानदारों के ग्राहक अगर सड़क किनारे गाड़ी खड़ी कर समान खरीदने जाते हैं तो वैसे वाहन मालिकों को जुर्माना कर दिया जाता है, ऐसे छोटे दुकानदारों को पुलिस द्वारा धमकी दी जाती है परन्तु इसी शहर में पीएम मॉल जो एक बड़े रसुखदार व्यक्ति का है, के सामने आधी सड़क घेर कर पार्किंग कराई जाती हैं और पुलिस मुकदर्शक बनी रहती है उस सड़क से अविलंब पार्किंग हटा सड़क खाली कराई जाए।
5. शहर की सड़कें : टाटानगर रेलवे स्टेशन से बागबेड़ा जाने वाली सड़क, टाटानगर बाहरी गेट (चाईबासा बस स्टैंड के पास) से करनडीह चौक तक की सड़क, स्टार टॉकीज बर्मामाइंस से केरला पब्लिक स्कूल एवं बर्मामाइंस गुरुद्वारा जाने वाली सड़क जर्जर हो चुकी है जिससे कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है, इसका जल्द से जल्द निर्माण कराया जाए।
आंदोलन के दौरान पूर्व मंत्री सह पार्टी के केंद्रीय प्रधान महासचिव रामचंद्र सहिस ने कहा कि जितनी तत्परता यातायात पुलिस राजनितिक दल के कार्यकर्ता के साथ दिखा रही है उतनी ही तत्परता से शहर पर दौड़ रही पुलिस अधिकारियों के वाहनों के कागजात दुरस्त हो जाते तो फिर बात समझ में आती। लेकिन ये हेमंत सरकार के झामुमो कार्यकर्ता बनकर आम जनता के साथ आमनवीय व्यवहार कर रहे हैं जिसे आजसू पार्टी कतई बर्दाश्त नहीं करेगी।
कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहे पार्टी के जिला अध्यक्ष कन्हैया सिंह ने कहा कि पूरे भारत में जमशेदपुर इतिहास रचने को अग्रसर हैं। यहां के किसी भी पदाधिकारी के वाहनों के इंश्योरेंस और प्रदूषण के कागजात सही नहीं हैं। इसके बावजूद सड़क पर उतर आम जनता से जबरन जुर्माना वसूलने लगी हैं, इसके आलावे सड़क पर वाहन खड़ा कर पार्किंग करने और उक्त वाहन से पार्किंग वसूलने एवं उसका टेंडर निकालने का कार्य शहर के अधिकारी कर रहे हैं। कन्हैया सिंह ने कहा कि जब शहर के अधिकारी ही कानून तोड़ रहे हैं तो आम जनता से कैसे कानून का पालन कराएंगे, इसकी उम्मीद क्यों और कैसे करेंगे। इन सारे विषयों से लगता है कि राज्य के मुखिया मंईया योजना की राशि जुटाने के लिए आम जनता का दोहन करने और उसका अनुपालन करने के लिए यातायात पुलिस क़ो लगा रखी है। लेकिन वह बता देना चाहते हैं कि आजसू ने आम जनता का जन मत प्राप्त कर मुख्यमंत्री क़ो भी पत्र भेजा। उपायुक्त क़ो भी कई बार पत्राचार किया। सभी अधिकारियों क़ो अवगत कराया गया। लेकिन इनके कानों में जूं नहीं रेंग रही हैं। सिंह ने कहा कि स्थानीय सांसद विद्युत वरण महतो भी आंदोलन में सहयोग करेंगे, उनका आश्वासन भी मिला और उपायुक्त के समक्ष हमारी बातों को उन्होंने भी रखा और जल्द ही इस आंदोलन क़ो लेकर न्यायालय में आजसू पार्टी पीआईएल दायर करेगी।





