लायाडीह में फुटबॉल प्रतियोगिता आयोजित, शंकर स्पोर्टिंग ने संजीत स्पोर्टिंग को 3 गोल से हराया

Patamda : पश्चिम बंगाल सीमा से सटे पटमदा की ओड़िया पंचायत के लायाडीह मुंग डुगरी पोटो हो खेल मैदान में शनिवार को लायाडीह सोलह आना मेला कमेटी की ओर से एक दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। 8 टीमों के बीच आयोजित प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला संजीत स्पोर्टिंग व शंकर स्पोर्टिंग के बीच हुआ। निर्धारित समय तक दोनों ही टीमों के बीच कांटे का मुकाबला रहा और दोनों ही टीमें बराबरी पर होने की वजह से पेनल्टी शूट आउट के जरिए शंकर स्पोर्टिंग ने संजीत स्पोर्टिंग को 3 गोल से हरा दिया।

विजेता टीम को समाजसेवी बाबलू महतो के हाथों 20 हजार व उप विजेता संजीत स्पोर्टिंग को सामाजिक कार्यकर्ता कमल महतो के हाथों 15 हजार रुपए देकर कमेटी की ओर से पुरस्कृत किया गया। मौके पर समाजसेवी बाबलू महतो ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, सिर्फ इन युवाओं को खेल का प्रदर्शन करने के लिए सही प्लेटफार्म प्रदान करने की आवश्यकता है। उन्होंने खेल के दौरान खिलाड़ियों की हौसला अफजाई भी की। प्रतियोगिता को सफल बनाने में मनसाराम पावरी, गणेश मुर्मू, द्विजपद मुर्मू, रामबहादुर सिंह, नकुल हांसदा, दूबराज मुर्मू, जगन्नाथ मुर्मू, शारदा हेंब्रम, सहदेव हांसदा, अनिल पावरी, धीरेन मुर्मू व गोविंद आदि का सराहनीय योगदान रहा।





