बोड़ाम में तालाब में नहाने के दौरान डूबा अधेड़, 7 घंटे बाद भी नहीं मिली लाश

Patamda: मंगलवार को बोड़ाम थाना क्षेत्र अंतर्गत शोभादा गांव स्थित एक तालाब में सुबह करीब 7 बजे स्नान करने के लिए उतरे बेलडीह गांव निवासी चन्दन सिंह (50) की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक चंदन शोभादा गांव में हरिमंदिर के सामने टाटा स्टील फाउंडेशन द्वारा खोदे गए तालाब में नहाने गए थे। तालाब में तैरते समय गहरे पानी में चले गए। साथ में स्नान कर रहे लोगों द्वारा गांव में सूचना देने पर काफी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। कुछ युवक पानी में डुबकी लगाकर उसकी लाश को खोजने का प्रयास किया लेकिन तालाब में 15 फीट तक गहरा पानी होने के कारण निकालना संभव नहीं हो पाया।
घटना की सूचना मिलने पर बोड़ाम थाना प्रभारी समेत कई पुलिस अधिकारी व जवान घटनास्थल पर पहुंचे। प्रशासन की ओर से टीम को सूचित किया गया। दोपहर 2 बजे तक लाश को निकाला नहीं जा सका था और घटनास्थल पर मौजूद लोग गोताखोरों के आने का इंतजार कर रहे हैं। घटना के पश्चात् मृतक की पत्नी जानकी सिंह, तीन बेटियों एवं एवं एक बेटा का रो- रो कर बुरा हाल हो गया है। घटनास्थल पर पुलिस- प्रशासन के सहयोग में मुखिया प्रतिनिधि परिमल सिंह, पंसस प्रतिनिधि प्रबोध कुमार महतो, वार्ड सदस्य रतन दास, गुलाब गोराई, मिहिर प्रमाणिक, पीएलवी निताई चंद्र गोराई एवं सैकड़ों ग्रामीण मौजूद है।





