सुबह जल्द निपटा लें काम, मंगलवार को सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक बंद रहेगी आपूर्ति, एलिवेटेड कॉरिडोर निर्माण को लेकर बिजली विभाग ने जारी की सूचना

पटमदा, बोड़ाम एवं मानगो क्षेत्र के ढाई लाख लोग होंगे प्रभावित
Jamshedpur : मानगो एनएच-33 (अब 18) पर प्रस्तावित एलिवेटेड कॉरिडोर के निर्माण कार्य को आगे बढ़ाने के लिए मंगलवार को 132 केवीए ट्रांसमिशन टावर का निर्माण किया जाएगा। इसके मद्देनज़र बिजली विभाग ने बालीगुमा ग्रिड से आपूर्ति को अस्थायी रूप से बंद रखने का निर्णय लिया है। विभागीय जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित रहेगी।
इस दौरान मानगो, डिमना, स्वर्णरेखा हाउसिंग कॉलोनी, बालीगुमा, उलीडीह, रोड नंबर 12, स्वर्णरेखा कालोनी, दाईगुटू, कुम्हारपाड़ा और आजादनगर जैसे घनी आबादी वाले इलाके प्रभावित रहेंगे। इसके अलावा पटमदा, बोड़ाम और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। अनुमान है कि करीब ढाई लाख से अधिक आबादी को 12 घंटे तक बिना बिजली के रहना पड़ेगा।
जेबीवीएनएल (झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड) के महाप्रबंधक अजीत कुमार ने बताया कि यह शटडाउन आवश्यक है, क्योंकि एलिवेटेड कॉरिडोर के निर्माण क्षेत्र में आ रहे हाईटेंशन तारों और ट्रांसमिशन टावर को सुरक्षित ढंग से स्थानांतरित करना जरूरी है। कार्य पूरा होने के बाद ही बिजली आपूर्ति बहाल की जाएगी।
विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे मंगलवार को बिजली कटौती के दौरान अपने घरेलू उपकरणों को बंद रखें और जरूरी कार्य पहले से निपटा लें। वहीं अस्पतालों, जलापूर्ति केंद्रों और आवश्यक सेवाओं को वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों के माध्यम से निर्बाध बनाए रखने की तैयारी की जा रही है। सूत्रों के अनुसार बालीगुमा ग्रिड से विद्युतापूर्ति ठप्प होने की स्थिति में आवश्यक सेवाओं के लिए चांडिल ग्रिड से रोटेशन तरीके से विद्युतापूर्ति की जाएगी।




