चिमटी पहाड़िया टोला में लगा चिकित्सा कैंप, 100 आदिम जनजातियों का हुआ इलाज

Patamda : मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज व वन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को बोड़ाम प्रखंड के चिमटी पहाड़िया टोला में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। दलमा की तराई पर स्थित टोला में आयोजित शिविर में 100 से अधिक आदिम जनजातियों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें दवाइयां दी गई। इस शिविर का उद्देश्य आदिम जनजाति समुदाय को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना था।
शिविर में पहाड़िया टोला के सभी परिवारों के सदस्य लाभान्वित हुए।शिविर में हीमोग्लोबिन, रैंडम ब्लड शुगर परीक्षण, ब्लड प्रेशर मापन व जीवनशैली संबंधी परामर्श जैसी सेवा उपलब्ध कराई गई। स्थानीय ग्रामीण किशन पहाड़िया एवं संतोष पहाड़िया के नेतृत्व में गर्मजोशी से चिकित्सा टीम का स्वागत किया गया। वन विभाग के साथ सहयोग से यह भी स्पष्ट होता है कि विभिन्न विभागों के संयुक्त प्रयास सार्वजनिक स्वास्थ्य को आगे बढ़ाने और सभी के लिए समान स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करना कितना महत्वपूर्ण हैं। मौके पर डॉक्टर महेश्वर प्रसाद व उनकी टीम के अलावा प्रभारी फॉरेस्टर राजा घोष समेत काफी संख्या में लोग मौजूद थे।





