पटमदा के कुमीर गांव में नाइट ब्लड सर्वे कार्यक्रम का शुभारंभ

Patamda: पटमदा प्रखंड अंतर्गत कुमीर गांव, जो कि एक सेंटिनल साइट के रूप में चयनित है, में सोमवार को नाइट ब्लड सर्वे कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन अंचल अधिकारी डॉ. राजेंद्र कुमार दास ने पंचायत के मुखिया दीपक कोड़ा मुदी एवं ग्राम प्रधान मृत्युंजय महतो के साथ संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर एवं फीता काटकर किया। यह कार्यक्रम कुमीर गांव में 6 नवंबर तक चलेगा जबकि बनकुंचिया 10 से 12 नवंबर तक चलेगा एवं रात्रि साढ़े 8 बजे से रक्त पट्ट संग्रह किया जाएगा।
इस अवसर पर अंचल अधिकारी डॉ. दास ने ग्रामीणों से आग्रह किया कि वे नाइट ब्लड सर्वे कार्यक्रम में सक्रिय रूप से भाग लें और अपनी फाइलेरिया (हाथीपांव) की जांच अवश्य करवाएं, ताकि प्रखंड में फाइलेरिया संक्रमण की वास्तविक स्थिति का पता लगाया जा सके। उन्होंने बताया कि यदि माइक्रो फाइलेरिया दर 1% से अधिक पाई जाती है, तो आगामी 10 फरवरी से 25 फरवरी तक मास ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (एमडीए) कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसके अंतर्गत प्रत्येक व्यक्ति को फाइलेरिया से बचाव की दवा खिलाई जाएगी।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग की ओर से सीएचओ सीता कुमारी, एएनएम मीना कुमारी, एमपीडब्ल्यू प्रेम जी किशोर, काजल गिरी, उत्तम कुमार मल्लिक, जन्मेंजय महतो एवं सहिया साथी कल्पना महतो उपस्थित रहे। नाइट ब्लड सर्वे के अंतर्गत 20 वर्ष या उससे अधिक आयु वर्ग के लोगों के रक्त नमूने का संग्रह लैब टेक्नीशियन डॉली कुमारी द्वारा किया गया। इसके अतिरिक्त जेएसएलपीएस की ओर से जेंडर सीआरपी छाया रानी महतो ने भी इस कार्यक्रम में भागीदारी निभाई।कार्यक्रम के सफल संचालन में पिरामल फाउंडेशन की प्रोग्राम ऑफिसर रूपाली कुमारी का सहयोग और योगदान सराहनीय रहा। उनके नेतृत्व एवं समन्वय से कार्यक्रम को सुव्यवस्थित रूप से संपन्न किया गया, जिससे ग्रामीणों में फाइलेरिया उन्मूलन के प्रति जागरूकता और उत्साह देखा गया।





