घाटशिला में झामुमो के सोमेश को मिले कुल 104794 वोट, भाजपा के बाबूलाल को 38524 वोटों के अंतर से हराया, जश्न का माहौल
सोमेश चंद्र सोरेन जीत दर्ज करने के बाद
Jamshedpur: 11 नवंबर को झारखंड के घाटशिला विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव की मतगणना का कार्य शुक्रवार को शाम करीब 5 बजे तक पूरा कर लिया गया है। दिवंगत मंत्री सह झामुमो के वरिष्ठ नेता रहे स्व रामदास सोरेन के असामयिक निधन के बाद यह सीट खाली हुई थी और यहां झामुमो ने उनके पुत्र सोमेश चंद्र सोरेन को प्रत्याशी बनाया था जबकि भाजपा की ओर से 2024 के चुनाव में प्रत्याशी रहे बाबूलाल सोरेन (पिता पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन) पर ही फिर से दांव लगाया था। घाटशिला विधानसभा क्षेत्र में कुल मतदाताओं की संख्या करीब 2 लाख 55 हजार है और उनमें से करीब 2 लाख मतदाताओं ने मतदान किया था। शुक्रवार को सुबह 8 बजे से शुरू हुई मतगणना शाम 5 बजे तक चली। कुल 20 राउंड में हुई मतगणना के बाद झामुमो प्रत्याशी सोमेश चंद्र सोरेन को कुल 104794 मत प्राप्त हुए और उन्होंने 38524 मतों के बड़े अंतर से जीत दर्ज कर ली है। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन को कुल 66270 मत प्राप्त हुए हैं।

वहीं तीसरे स्थान पर रहे झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के प्रत्याशी रामदास मुर्मू को कुल 11542 मत प्राप्त हुए हैं। उन्होंने 2024 के विधानसभा चुनाव की तुलना में 3452 मत अधिक प्राप्त किए हैं। 2024 के विधानसभा चुनाव में विजयी रहे स्व रामदास सोरेन को 98356 जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन को 75910 मत प्राप्त हुए थे। पिछले चुनाव की तुलना में बाबूलाल सोरेन को 9640 कम मत प्राप्त हुए जो भाजपा कार्यकर्ता व उनके रणनीतिकारों को निराश करने वाली है। क्योंकि इस उपचुनाव में विधानसभा क्षेत्र के अलावा पड़ोसी क्षेत्र के भाजपा व आजसू पार्टी कार्यकर्ताओं ने भी कड़ी मेहनत की थी, स्टार प्रचारकों की मेहनत तो अलग थी। यह परिणाम भाजपा समेत एनडीए गठबंधन से जुड़े नेता व कार्यकर्ताओं को सोचने पर मजबूर कर दिया है, आखिर कहां चूक हुई जो इतनी बड़ी हार का सामना करना पड़ा। दूसरी झामुमो समेत इंडिया गठबंधन से जुड़े तमाम दलों के कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है और पार्टी कार्यकर्ता जश्न मना रहे हैं। इस बड़ी जीत पर घाटशिला से जीत दर्ज करने वाले सोमेश चंद्र सोरेन ने कहा कि घाटशिला की जनता ने उनके बाबा रामदास सोरेन जी को सच्ची श्रद्धांजलि दी है।







