मलेरिया पीड़ितों का हाल जानने बाधाडीह पहुंची जिला सर्विलांस टीम
Patamda: बोड़ाम प्रखंड अंतर्गत पहाड़पुर पंचायत के कोयरा गांव के बाधाडीह टोला में मलेरिया की बीमारी फैलने की सूचना पाकर जिला सर्विलांस की टीम गुरुवार को सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल के आदेश पर निरीक्षण करने पहुंची। 13 परिवारों वाले बाधाडीह टोला में कुल 54 लोग रहते हैं। 8 नवंबर से 20 नवंबर तक सभी 54 लोगों की मलेरिया एवं हीमोग्लोबिन की जांच पूरी कर ली गई है, जिसमें कुल 31 लोग मलेरिया से पीड़ित पाए गए हैं।सभी को उपचार के लिए दवाएं दी गई हैं। इस दौरान सभी लोगों को जागरूक किया गया, मच्छरदानी लगाकर सोने और समय पर दवाइयां खाने के लिए प्रेरित किया गया।
हीमोग्लोबिन की जांच में दो लोगों का हीमोग्लोबिन 9 ग्राम से कम पाया गया है उन लोगों को भी आयरन की गोली दी जा चुकी है। कार्यक्रम में जिला सर्विलांस कार्यालय से महामारी रोग विशेषज्ञ डॉ. असद, डॉ. सोमेन कुमार दत्त, एएनएम काजल कुमार गिरी, एमपीडब्ल्यू वरुण कुमार पाल, सचिन कुमार सीट, दीपक कुमार, सीएचओ, सहिया के अलावा स्थानीय लोगों में मुखिया विजय सिंह, सावित्री सबर, ईश्वर सबर, भूषण सिंह, विनीता कुमारी के अलावा टाटा स्टील फाउंडेशन टीम के सदस्य भी उपस्थित थे।





