बोड़ाम में तेज रफ्तार बाइक पेड़ से टकराई, युवा क्रिकेटर की दर्दनाक मौत
परमेश्वर सिंह (फाइल फोटो)
Patamda: बोड़ाम थाना क्षेत्र अंतर्गत चामटा गांव के पास गुरुवार की रात करीब 9 बजे आमझोर टोला बूढ़ीगोड़ा निवासी एक बाइक चालक की दर्दनाक मौत हो गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक मृतक परमेश्वर सिंह (32 वर्ष) एक अच्छा क्रिकेटर था। वह अपने बीमार पिता गुरुपद सिंह (सेवानिवृत्त शिक्षक) की दवाई लाने के लिए घर से बोड़ाम के लिए शाम को निकला था और रात करीब 9 बजे बोड़ाम बाजार से 5 किमी दूर बेलटांड़-रघुनाथपुर मुख्य सड़क पर तेज रफ्तार के कारण टर्निंग प्वाइंट पर उसकी बाइक अनियंत्रित होकर एक पेड़ से जा टकराई। इससे उसके सिर पर गंभीर चोट होने एवं रात भर सड़क किनारे एक नाला पर पड़े होने की वजह से दम तोड़ चुका था।

सुबह में इसकी जानकारी मॉर्निंग वॉक पर निकले चामटा एवं सासांगडीह गांव के युवकों को मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। बोड़ाम थाना प्रभारी मनोरंजन कुमार ने बताया कि सुबह में सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। छानबीन के क्रम में पता चला कि तेज रफ्तार के कारण टर्निंग में अनियंत्रित होने की वजह से यह दुर्घटना हुई है। पुलिस ने घटनास्थल से शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया जबकि दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया है। ग्रामीणों के मुताबिक वह बहुत ही अच्छा क्रिकेटर था और शुक्रवार से भूला मोड़ में शुरू होने वाली प्रतियोगिता का पहला मैच खेलने वाला था। इसकी सूचना मिलते ही स्थानीय क्रिकेटरों में शोक की लहर है। बताते हैं वह अपने अपने माता -पिता का इकलौता पुत्र था। परिवार में माता पिता के अलावा पत्नी एवं दो बच्चे हैं। घटना की सूचना के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।





