भूला में चार दिवसीय पीबी प्रीमियर लीग शुरू, कमलपुर क्लासिक, अदिति एक्सप्रेस, रसिकनगर और बिरखाम रॉयल्स ने जीते पहला मैच
Patamda: बोड़ाम के भूला स्थित मैदान में शुक्रवार को पटमदा-बोड़ाम प्रखंड क्रिकेट टीम की ओर से आयोजित
चार दिवसीय पटमदा-बोड़ाम प्रीमियर लीग का आगाज हो गया। गुरुवार की रात को आमझोर गांव के क्रिकेटर परमेश्वर सिंह की सड़क दुघर्टना में हुई मृत्यु पर उनकी आत्मा के शांति के लिए सभी अतिथि, कमिटी के सदस्य और खिलाड़ियों ने दो मिनट मौन का धारण कर प्रार्थना की। उसके बाद प्लस टू हाई स्कूल दिघी भूला के प्रधानाध्यापक जितेंद्र कुमार, शिक्षक गणेश गोराई, झारखंड आंदोलनकारी रेवती मोहन गोप, रैयत मिथुन सिंह व रंजित सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर लीग का शुभारंभ किया। लीग का पहला मैच कमलपुर क्लासिक ने, दूसरा अदिति एक्सप्रेस, तीसरा रसिकनगर इलेवन और चौथा मैच बिरखाम इलेवन ने जीता।
खेल के दौरान विधायक प्रतिनिधि चंद्रशेखर टुडू, झामुमो नेता सुभाष कर्मकार व दीपंकर महतो ने मैदान पहुंचकर खिलाड़ियों की हौसला अफजाई की। पहले दिन मैच देखने के लिए क्षेत्र के काफी संख्या में दर्शक पंहुचे थे। टूर्नामेंट के दूसरे दिन शनिवार को भी चार मैच खेला जाएगा। पहले दिन प्रतियोगिता को सफल बनाने में कमेटी के सभी सदस्यों के अलावा पीबीपीएल लीग के अध्यक्ष विजय कुमार सिंह, कॉमेंटेटर राजेश कुमार मान्ना व अंपायर राजकुमार आदि का सराहनीय योगदान रहा।





