कमलपुर व रसिकनगर पंचायत में हुआ शिविर का आयोजन, विधायक ने किया परिसंपत्ति का वितरण

Patamda : शुक्रवार को पटमदा प्रखंड के कमलपुर एवं बोड़ाम के रसिकनगर पंचायत मंडप परिसर में प्रखंड प्रशासन की ओर से शिविर सेवा का अधिकार शिविर आयोजित की गई। दोनों पंचायतों में सभी विभागों के अलग- अलग स्टॉल लगाकर ग्रामीणों से आवेदन प्राप्त किए गए। शिविर का उद्घाटन विधायक मगंल कालिंदी ने द्वीप प्रज्ज्वलित कर किया।
मौके पर विधायक ने कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सोच है कि राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न प्रकार की सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति पर बैठे लोगों तक पहुंचे। इसके लिए पंचायत स्तर पर शिविर का आयोजन कर अधिकारी ग्रामीणों की समस्याओं का ऑन द स्पॉट समाधान करने का काम कर रहे हैं। शिविर में अबुआ आवास योजना, जाति, आय, आवासीय, जन्म व मृत्यु प्रमाण पत्र, राजस्व अभिलेखों में संशोधन, राशनकार्ड में संशोधन, बृद्धा पेंशन, सर्वजन पेंशन, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना से सैकड़ों आवेदन प्राप्त किए गए। इस दौरान विधायक ने कई लाभुकों के बीच वृद्धावस्था एवं विधवा पेंशन योजना के तहत स्वीकृति पत्र का वितरण किया।
शिविर में जिला कल्याण पदाधिकारी शंकराचार्य सामद, बीडीओ शशि नीलिमा डुंगडुंग , बोड़ाम बीडीओ किकू महतो, पटमदा सीओ डॉ. राजेंद्र कुमार दास, बोड़ाम सीओ रंजीत कुमार रंजन , जिला पार्षद खगेन चंद्र महतो, विधायक प्रतिनिधि चंद्रशेखर टुडू, मुखिया जामिनी बेसरा व अर्चना सिंह आदि मौजूद थे।





