नहीं रहे प्रख्यात सर्जन डॉ. नागेन्द्र सिंह, शोक की लहर
Patamda: घाटशिला अनुमंडल क्षेत्र में पदस्थापित रहकर गरीबों के बीच सेवा की बदौलत अपनी पहचान बना चुके एवं पिछले करीब दो दशक से जमशेदपुर के डिमना रोड मानगो स्थित गंगा मेमोरियल हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर के नाम से नर्सिंग होम का संचालन करने वाले प्रख्यात सर्जन डॉ. नागेंद्र सिंह का मंगलवार को सुबह निधन हो गया। वे कम खर्च में गरीब और असहाय मरीजों की सर्जरी और इलाज के लिए पूरे झारखंड में प्रसिद्ध थे।
डॉ. नागेंद्र सिंह का स्वास्थ्य दो दिन पहले अचानक बिगड़ गया था, जिसके बाद उन्हें जमशेदपुर से दिल्ली एयर एम्बुलेंस के जरिए अपोलो अस्पताल ले जाया गया। वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखने के बावजूद आज उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके साथ इस कठिन समय में उनकी पत्नी रंजू सिंह मौजूद रहीं। उनका पार्थिव शरीर आज देर शाम दिल्ली से जमशेदपुर लाया जा रहा है। वह इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) के आजीवन सदस्य थे। उनके आकस्मिक निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है। बोड़ाम के पूर्व जिला पार्षद स्वपन कुमार महतो ने कहा कि गरीबों के मसीहा कहे जाने वाले डॉ. नागेन्द्र सिंह का जाना क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति हुई है। पटमदा निवासी झामुमो नेता सुभाष कर्मकार ने कहा कि डॉ. सिंह के निधन से चिकित्सा क्षेत्र में उनकी कमी को पूरा करना संभव नहीं है। वर्तमान महंगाई के दौर में भी आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए गंगा मेमोरियल अस्पताल एक वरदान था।





