घने कोहरे ने बढ़ाई ठिठुरन, राहत के लिए पटमदा में अलाव बना सहारा

Patamda: सोमवार को सुबह 8 बजे के बाद करीब 3 घंटों तक पटमदा क्षेत्र में घने कोहरे ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी। दोपहर 12 बजे के बाद अचानक धूप निकलने से लोगों को बड़ी राहत मिली, जिससे दिन भर बाजारों में चहल पहल दिखी। सुबह -सुबह कोहरे के कारण क्या बच्चे, क्या बूढ़े और क्या ही जवान, सभी वर्ग के लोग अलाव तापते नजर आए। पछुआ हवा के कारण ठिठुरते हुए लोग कहीं चाय की दुकानों के अंदर तो कहीं सड़कों पर आग जलाकर ठंड से राहत पाने का प्रयास करते दिखे।
जानकारों के अनुसार 2025 बीतने को है और आज का दिन इस साल का सबसे अधिक ठंड वाला रहा। सुबह में जो लोग गर्म कपड़े पहनकर घरों से निकले, धूप निकलने के बावजूद ऊनी वस्त्रों को नहीं उतारे। इस दौरान खासकर बाइक से सफर करने वाले लोग कई जगहों पर ठिठुरते देखे गए। शाम होते ही बाजारों में सन्नाटा छा गया। ग्रामीण क्षेत्रों में आदिम जनजाति समुदाय एवं अन्य गरीब परिवार के लोगों के लिए सरकारी या गैर सरकारी स्तर से मिले कंबल राहत भरा साबित हुआ। दलमा जंगल की तराई पर बसे ग्रामीणों के लिए अलाव ही एकमात्र सहारा है क्योंकि अन्य जगहों की तुलना में वहां ठंड अधिक लगती है।





