रसिकनगर पंचायत ट्रॉफी पर बिंदास इंडियंस का कब्जा

Patamda: बोड़ाम प्रखंड के शुक्ला गांव स्थित क्रिकेट मैदान में आयोजित दो दिवसीय रसिकनगर पंचायत ट्रॉफी सोमवार को संपन्न हुई। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में मुखिया प्रतिनिधि सनातन लाया मौजूद थे। इस प्रतियोगिता में रसिकनगर पंचायत की चार टीमों ने भाग लिया। फाइनल मुकाबला सोमवार को चंदना इलेवन और बिंदास इंडियंस के बीच खेला गया। बिंदास इंडियंस के कप्तान जगदीश ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला किया।
चंदना इलेवन 8 ओवर में 4 विकेट खोकर 120 रन ही बना सकी। चंदना इलेवन के ओपनर बल्लेबाज अनूप महांती ने 2 चौके और 5 छक्के की मदद से 13 गेंद पर 41 रन और भोटी ने 3 चौके और 7 छक्के की मदद से 21 गेंद पर 61 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए बिंदास इंडियंस ने 7.5 ओवर ओवर में ही 4 विकेट खोकर 122 रन बनाकर मैच जीत लिया। बिंदास इंडियंस के बल्लेबाज इम्तियाज ने 5 चौके और 6 छक्के की मदद से 29 गेंद पर सर्वाधिक 60 रन बनाए जबकि संजय ने 29 रन जोड़े। इस तरह फाइनल मुकाबला काफी रोमांचक रहा और बिंदास इंडियंस 6 विकेट से जीत दर्ज करते हुए रसिकनगर पंचायत ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। विजेता टीम को 18 हजार व एक ट्रॉफी जबकि उपविजेता टीम को 14 हजार रुपए व एक ट्रॉफी मुख्य अतिथि के हाथों देकर पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में अनूप, सचिन, विजय, अकाश, कृष्ण, मनोज, संजय, देव, शिवप्रसाद के साथ- साथ रसिकनगर पंचायत के सभी खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों का अहम योगदान रहा।






























