एमबीएनएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस का आसनबनी में भव्य कार्यक्रम : विधायक सविता महतो की उपस्थिति में बांटे गए 700 कंबल
Jamshedpur: श्री आचार्य गुरुकुल एजुकेशनल ट्रस्ट द्वारा संचालित एमबीएनएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस आसनबनी (चांडिल) के परिसर में शनिवार को ग्रामीण कल्याण को समर्पित एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें क्षेत्र के विभिन्न गांवों से आए 700 से अधिक जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल वितरण किया गया। कड़ाके की ठंड से राहत प्रदान करने के उद्देश्य से कंबल वितरित किए गए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप ईचागढ़ की विधायक सविता महतो उपस्थित रहीं। जबकि विशिष्ट अतिथियों में कॉलेज के संरक्षक एवं काली मंदिर के महंत महंत विद्यानंद सरस्वती, कॉलेज के गार्जियन राम केवल सिंह, कॉलेज के अध्यक्ष विवेक कुमार सिंह, डायरेक्टर अनुपा सिंह, जिला परिषद प्रतिनिधि ओम लायक, विधायक प्रतिनिधि काबलू महतो, ग्राम प्रधान प्रबोध उरांव तथा समाजसेवी दिलीप महतो उपस्थित रहे। सभी अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति में कंबल वितरण कार्यक्रम संपन्न हुआ।
विधायक सविता महतो ने कॉलेज द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों के लिए अत्यंत लाभकारी हैं। उन्होंने भविष्य में भी इसी तरह के जनहितकारी कार्यों को निरंतर जारी रखने का आह्वान किया। कॉलेज के संरक्षक महंत विद्यानंद सरस्वती ने संस्थान को भविष्य में यूनिवर्सिटी के रूप में विकसित करने की दिशा में आगे बढ़ने तथा सामाजिक दायित्वों को और अधिक व्यापक स्तर पर निभाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान राम केवल सिंह द्वारा विधायक सविता महतो, महंत विद्यानंद सरस्वती एवं ओम लायक को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं, कॉलेज की डायरेक्टर अनुपा सिंह ने राम केवल सिंह, ग्राम प्रधान प्रबोध उरांव एवं काबलू महतो को पुष्पगुच्छ प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर कॉलेज के अध्यक्ष विवेक कुमार सिंह ने सभी सम्मानित अतिथियों का स्वागत करते हुए उपस्थित ग्रामवासियों का हार्दिक अभिनंदन किया। विवेक सिंह ने बताया कि कॉलेज द्वारा यह सामाजिक पहल पिछले चार–पांच वर्षों से लगातार की जा रही है। पूर्व के वर्षों में साड़ी, शॉल, पैंट एवं शर्ट का वितरण किया जाता रहा है, जबकि इस वर्ष भीषण ठंड को ध्यान में रखते हुए कंबल वितरण का निर्णय लिया गया। यह कार्यक्रम कॉलेज की ओर से श्री आचार्य गुरुकुल एजुकेशनल ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कॉलेज के सभी शिक्षक गण एवं अन्य कर्मचारीगण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
एमबीएनएस (MBNS) ग्रुप ऑफ़ इंस्टीट्यूशंस के अंतर्गत वर्तमान में निम्नलिखित शैक्षणिक संस्थान संचालित हैं :
MBNS इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन
MBNS इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी
MBNS इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग
MBNS इंस्टीट्यूट ऑफ ग्रैजुएट स्टडीज।
इन संस्थानों के माध्यम से B.Ed., D.El.Ed., D.Pharm, B.Sc. Nursing, G.N.M., B.A., B.Com., BBA, BCA एवं Mass Communication जैसे विविध व्यावसायिक एवं शैक्षणिक पाठ्यक्रम सफलतापूर्वक संचालित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में कॉलेज के फोर्थ ग्रुप कर्मचारी रवि सहिस की भूमिका विशेष रूप से सराहनीय रही, जो प्रत्येक वर्ष इसी निष्ठा एवं समर्पण के साथ सामाजिक कार्यक्रमों को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देते आ रहे हैं।





