पुराने विवाद को लेकर गेरुआ रिसॉर्ट में मैनेजर के साथ मारपीट, बोड़ाम पुलिस ने दो को भेजा जेल
Patamda : बोड़ाम थाना क्षेत्र के गेरुआ गांव स्थित लेक व्यू रिसॉर्ट में रविवार को होटल के मैनेजर संतोष गिरी को उनके चचेरे भाई संजीत गिरी व आशुतोष गिरी समेत 5 लोगों ने मारपीट कर घायल कर दिया। घटना का कारण पुराना विवाद बताया जाता है। इस घटना में रिसॉर्ट के मैनेजर संतोष गिरी के अलावा अन्य लोग भी घायल हो गए थे। संतोष गिरी की लिखित शिकायत पर बोड़ाम थाना में कांड संख्या 9/26 के तहत सोमवार को संजीत गिरी, आशुतोष गिरी एवं 3 अन्य के खिलाफ मारपीट की प्राथमिकी दर्ज की गई है। सूत्र बताते हैं कि दोनों के बीच पिछले करीब एक साल से लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा है। इससे पूर्व नवंबर में भी रिसॉर्ट में झगड़ा हुआ था। पुलिस ने मंगलवार को बिहार के पटना जिला निवासी संजीत गिरी व आशुतोष गिरी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। जबकि अन्य तीन आरोपियों की तलाश जारी है।
पूछताछ के क्रम में संजीत गिरी ने पुलिस को बताया गेरूआ में ओयो होटल चलाने वाले संतोष गिरी उसका चचेरा भाई है। पूर्व में दोनों का पार्टनरशिप में कोलकाता में होटल चलता था। जिसमें उसने करीब 25 लाख की पूंजी लगाई थी। वहां का होटल करीब एक साल पूर्व बंद हो गया। फिर संतोष भागकर जमशेदपुर आ गया और पिछले करीब 5 माह से गेरूआ में होटल चला रहा है और बकाया पैसा मांगने पर नहीं लौटा रहा है। वह यहां से भी भागने की फिराक में था इसलिए थाना लेकर आए। उसने मारपीट से इंकार किया है। जबकि संतोष का कहना है कि 18 जनवरी को होटल में आकर संजीत व आशुतोष ने उसके साथ मारपीट की और घायल कर दिया। संजीत ने बीते जुलाई माह में भी कोलकाता जाकर उसकी मां से भी मारपीट की थी, जिसकी प्राथमिकी लोकल थाना में दर्ज है। सूत्रों के अनुसार संजीत गिरी व आशुतोष गिरी ने संतोष को लेकर शिकायत करने बोड़ाम थाना पहुंचा। लेकिन पुलिस ने संतोष के शरीर में चोट व लहूलुहान हालत को देखते हुए पूछा कि मारपीट के पहले यह शिकायत क्यों नहीं की गई, कानून को अपने हाथ में क्यों लिया। पुलिस ने संजीत व आशुतोष को मारपीट के मामले में गिरफ्तार करने के पश्चात जेल भेज दिया। इस संबंध में बोड़ाम थाना प्रभारी मनोरंजन कुमार ने बताया कि पूरे मामले में पुलिस द्वारा छानबीन की जा रही है।





