पटमदा के चौंरा में सब्जी पैक कर रहे किसान को ट्रक ने कुचला, रिम्स में भर्ती
Patamda: पटमदा थाना क्षेत्र अंतर्गत चौंरा गांव में शनिवार की शाम करीब 6 बजे एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने सड़क किनारे सब्जी पैक कर रहे एक किसान नीलकंठ सिंह (69 वर्ष) को कुचल दिया। घटना में उनके सिर पर गंभीर चोट होने से उन्हें बेहोशी की हालत में एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए रिम्स अस्पताल रांची रेफर कर दिया गया है। ग्रामीणों के मुताबिक घटना में शामिल ट्रक का चालक भूतनाथ महतो बगल के ही घाघरा गांव निवासी है जो गड़बेता (पश्चिम बंगाल) से नियमित सब्जी लेकर जमशेदपुर जाता है।
शनिवार को वह जमशेदपुर से लौटने के क्रम में रास्ते में खूब शराब पी ली और अपने घर से करीब 2 किमी पहले ही दुर्घटना को अंजाम दिया। घटना की सूचना मिलने पर झामुमो नेता सुभाष कर्मकार ने पटमदा पुलिस को जानकारी दी। थाना प्रभारी करमपाल भगत ने घायल किसान को इलाज हेतु अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने ट्रक को जब्त करते हुए चालक को हिरासत में लिया है। बंगाल के पुरुलिया निवासी ट्रक मालिक ने घायल किसान के इलाज का सारा खर्च वहन करने का आश्वासन दिया है। इस संबंध में झामुमो नेता ने बताया कि घायल किसान नीलकंठ सिंह के बेहतर इलाज हेतु रिम्स अधीक्षक से बात की जाएगी।





