डिमना में शिक्षक संघ का वार्षिक मिलन सह सम्मान समारोह संपन्न
Patamda: झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ, पटमदा-बोड़ाम के द्वारा आयोजित वार्षिक मिलन सह नवनियुक्त शिक्षक स्वागत एवं सेवानिवृत्त शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन डिमना लेक के पास रविवार को मनाया गया। पटमदा शाखा के अध्यक्ष डॉ. समीर कुमार द्वारा स्वागत एवं मंच संचालन किया गया। बतौर मुख्य अतिथि जिला पार्षद प्रदीप बेसरा ने शिक्षकों को समाज का सर्वाधिक सम्मानित व्यक्ति बताया।
गिरिजा प्रसाद मिश्रा ने संगठन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्तमान में संगठन द्वारा ही सभी समस्याओं का समाधान हो सकता है। आज शिक्षकों की मजबूत आर्थिक तथा सामाजिक स्थिति संगठन के द्वारा ही संभव हो पाया है। सभी ने बहरागोड़ा प्रखंड के गोहालडांगरा उत्क्रमित उच्च विद्यालय में शिक्षक के प्रति दुर्व्यवहार की निंदा की तथा संगठन से आवश्यक कदम उठाने के लिए कहा। प्रखंड में नवनियुक्त शिक्षकों को अंग वस्त्र देकर स्वागत किया गया। नवनियुक्त शिक्षकों की ओर से अपने विचार रखते हुए उज्ज्वल कांति दास, तापस हालदार, ललित हांसदा एवं रश्मि जायसवाल द्वारा उनके वेतन चालू करवाने के लिए संघ से आग्रह किया गया। भविष्य में संघ को और मजबूत करने का वचन दिया। प्रदीप कुंभकार एवं जगदीश प्रसाद मंडल द्वारा शिक्षकों की समस्याओं जैसे पूरे जिले का प्रत्येक विद्यालय प्रधानाध्यापक विहीन, ग्रेड 7 तथा ग्रेड 4 में लंबित प्रोन्नति, मध्यान भोजन में ऋणात्मक राशि जैसे समस्याओं को रखा गया जिसका जिला संगठन सचिव अरुण कुमार के द्वारा समाधान तथा अब तक हुए कार्य प्रगति के बारे में बताया।
जिला संगठन के अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह ने झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ के संघर्ष तथा वर्तमान में किए जा रहे कार्य के बारे में बताया। उन्होंने जानकारी दी कि ग्रेड 7 में प्रोन्नति हेतु सर्वोच्च न्यायालय में याचिका दायर की गई है। अंत में प्रदेश महासचिव निखिल मंडल ने कहा कि पटमदा – बोड़ाम का संगठन जिले तथा राज्य के प्रत्येक कार्यक्रम में बढ़कर हिस्सा लेता है। पूरे जिले में केवल पटमदा में ही संघ का अपना भवन है जो संगठन के द्वारा निर्मित है। कुल 13 सेवानिवृत शिक्षकों को शॉल देकर सम्मानित किया गया तथा उनके सुखद भविष्य की कामना की गई। धन्यवाद ज्ञापन कृष्ण चंद्र दास ने किया। इस आयोजन में मुख्य रूप से गोपाल कृष्ण साव, गोवर्धन महतो व सुधीर चंद्र मुर्मू आदि ने अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।






























