विसर्जन जुलूस में शामिल डीजे की आवाज से बिगड़ी महिला की तबीयत, टीएमएच में भर्ती, डीसी के निर्देश पर पुलिस ने बंद कराया डीजे
Patamda : सोमवार की शाम करीब 8 बजे सरस्वती प्रतिमा के विसर्जन जुलूस में डीजे साउंड की तेज आवाज के कारण एक बुजुर्ग महिला की तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने टीएमएच अस्पताल में भर्ती कराया है जहां महिला मंजू महतो (65) का इलाज जारी है। सूत्रों के मुताबिक पटमदा थाना अंतर्गत बिड़रा पंचायत के टोला डांगा में सरस्वती प्रतिमा विसर्जन के दौरान डीजे साउंड की तेज के कारण एक वृद्ध महिला की धड़कनें तेज हो गई और वह कांपने लगी। परिजनों ने इसकी जानकारी अपने पड़ोसियों को देने के पश्चात समाजसेवी विश्वनाथ महतो को भी जानकारी दी और इलाज हेतु मदद मांगी। इसके बाद विश्वनाथ महतो द्वारा जिले के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी से इसकी शिकायत करते कार्रवाई की मांग की गई।
उपायुक्त के निर्देश पर पटमदा थाना प्रभारी करमपाल भगत हरकत में आए और पुलिस टीम को भेजकर गांव में डीजे साउंड को बंद कराया और विसर्जन जुलूस में शामिल लोगों को चेतावनी दी। इस संबंध में विश्वनाथ महतो ने बताया कि डीजे साउंड के संचालन में प्रशासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं माननीय सर्वोच्च न्यायालय/राज्य सरकार के आदेशों का खुलेआम उल्लंघन किया गया है। इस प्रकार की लापरवाही न केवल आम नागरिकों के स्वास्थ्य के लिए घातक है, बल्कि शांति-व्यवस्था के लिए भी गंभीर खतरा उत्पन्न करती है। उन्होंने उपायुक्त को एक आवेदन देकर संबंधित डीजे संचालक एवं आयोजकों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई करने, पीड़ित वृद्ध महिला के इलाज एवं स्वास्थ्य सुरक्षा हेतु आवश्यक प्रशासनिक सहयोग उपलब्ध कराने एवं भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए पटमदा-बोड़ाम क्षेत्र में डीजे साउंड पर सख़्त निगरानी एवं प्रतिबंध सुनिश्चित कराने की मांग की है।





