राजाबासा में श्रद्धापूर्वक हुई बुरु पूजा, सांस्कृतिक कार्यक्रम में उमड़े श्रद्धालु
Patamda : पटमदा प्रखंड की जोड़सा पंचायत अंतर्गत राजाबासा गांव में हर साल की भांति इस साल भी गुरुवार खुशहाली की कामना करते हुए ग्रामीणों ने बुरु पूजा की। इस धार्मिक अनुष्ठान में गांव के महिला-पुरुषों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। मन्नतें पूरी होने पर ग्रामीणों ने सैकड़ों मुर्गियों की बलि चढ़ाई। इस दौरान पश्चिम बंगाल संथाली पाता एनेच व सारो अंबार डांस ग्रुप के द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का प्रदर्शन किया गया। इसका आयोजन आदिम खेरवाल सरना क्लब राजाबासा की ओर से किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झामुमो नेता महावीर मुर्मू व विशिष्ट अतिथियों में विधायक प्रतिनिधि चंद्रशेखर टुडू, जिला पार्षद प्रदीप बेसरा व दिवाकर टुडू शामिल हुए। इस दौरान अतिथियों ने मांदर बजाकर ग्रामीणों के साथ पाता नृत्य करते हुए प्रकृति पर्व के प्रति समर्पण भाव दिखाई। मौके पर महावीर मुर्मू ने कहा कि पाता नाच झारखंडी संस्कृति का अभिन्न अंग है। यह नृत्य पश्चिम बंगाल, ओड़िसा व झारखंड में सर्वाधिक लोकप्रिय है। इसे बचाये रखने के लिए सभी युवाओं को आगे आने की जरूरत है। आयोजन को सफल बनाने में धनंजय मुर्मू, अनिल बेसरा, शैलेन मुर्मू, घासीराम सोरेन, मंगल हांसदा, संजय सिंह व गुरुचरण किस्कू आदि ने सराहनीय योगदान दिया।






























