ग्राम सभा में उठी राशन कार्डधारियों की समस्याएं, विधायक प्रतिनिधि ने जल्द राशन उपलब्ध कराने का दिया आश्वासन
Patamda : पटमदा प्रखंड की महुलबना पंचायत अंतर्गत सुंदरपुर गांव में राशन कार्डधारियों की शिकायत पर शुक्रवार को ग्राम प्रधान नरेन सिंह की अध्यक्षता में एक ग्राम सभा का आयोजन किया गया। इसमें उपस्थित विधायक प्रतिनिधि चन्द्रशेखर टुडू ने समस्याओं के समाधान हेतु पीडीएस दुकानदार एवं सभी 110 कार्डधारियों का पक्ष जाना। कार्डधारियों की शिकायत है कि दुकानदार जन जागृति महिला समूह रांगाटांड़ की ओर से उन्हें नियमित रूप से राशन नहीं दिया जाता है।
विधायक प्रतिनिधि के आग्रह पर प्रभारी एमओ सह सीओ डॉ. राजेन्द्र कुमार दास के प्रतिनिधि के रूप में एजीएम जय नारायण इचाघुटु, राजस्व कर्मचारी सुशांत जेना व राहुल पाठक शामिल हुए। वस्तुस्थिति से अवगत होने के बाद विधायक प्रतिनिधि ने डीलर ठाकुरमनी महतो व बुलबुली महतो को एक महीने के अंदर 110 कार्डधारियों को बकाया राशन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने डोर टू स्टेप डिलीवरी और चावल उठाव और वितरण समिति का गठन करने की मांग प्रभारी एमओ से की है। बैठक में झामुमो प्रखंड अध्यक्ष अश्विनी महतो, पंजाब बास्के, हरिपद सोरेन, नंदलाल महतो, मानिक महतो, सिजेन हेम्ब्रम, सुधीर हांसदा, रेवती महतो, नगेन बास्के व कृष्णा महतो आदि मौजूद थे।





