पटमदा के दगड़ीगोड़ा हरि साधना आश्रम में तीन दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान 8 से
Patamda: पटमदा के दगदीगोड़ा स्थित श्री श्री हरि साधना आश्रम में हर साल की भांति इस साल भी 8 फरवरी से तीन दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया जाएगा। मंगलवार को आश्रम परिसर में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में आश्रम संचालक शंभू दास बाबाजी ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का उद्घाटन ईचागढ़ की विधायक सविता महतो व जुगसलाई विधायक मगंल कालिंदी संयुक्त रूप से फीता काट कर करेंगे। मौके पर विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पार्षद खगेन चंद्र महतो व मुखिया काजल सिंह भी मौजूद रहेंगे।
तीनों दिन पूजा- अर्चना, भागवत कथा, प्रवचन, लीला कीर्तन एवं बाउल संगीत का आयोजन होगा, जिसमें पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा, नवद्वीप एवं मेदनीपुर के कलाकार प्रस्तुति देंगे। उन्होंने बताया कि तीन दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान में पटमदा, बोड़ाम, जमशेदपुर व चांडिल क्षेत्र से हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। इस दौरान साधु सेवा एवं भंडारा का आयोजन भी किया जाएगा। संवाददाता सम्मेलन में कमेटी के श्रीमंत मिश्रा, प्रेमचांद महतो, बुलू रानी व उमा देवी भी उपस्थित थे।





