टाटा – पटमदा मुख्य सड़क पर देर रात शटर का ताला तोड़कर दुकान से चोरी, दुकान मालिक के पहुंचते ही कार लेकर उल्टे पांव भागे चोर
Patamda: सोमवार की देर रात करीब 12 बजे एक कार पर सवार होकर करीब 4 की संख्या में आए अज्ञात चोरों ने टाटा -पटमदा मुख्य सड़क के किनारे भादुडीह स्थित दुकान में शटर का ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया। हालांकि कुछ ही मिनटों के अंदर दुकान मालिक को इसकी जानकारी मिलने और मौके पर पहुंचने से अधिक नुकसान नहीं हुआ। डिमना चौक से करीब 5 किमी दूर भादुडीह में जमशेदपुर शहर के लोगों की गतिविधि हाल के कुछ वर्षों में बड़ी है इसलिए स्थानीय लोगों का अनुमान है कि चोरी की घटना को शहर के नशेड़ी गैंग के युवकों ने ही अंजाम दिया होगा।
घटना के दौरान लोगों के आने की भनक लगते ही घटनास्थल से भाग निकले। इस संबंध में पीड़ित दुकानदार महानंद महतो ने बताया कि सोमवार को अन्य दिनों की भांति करीब 10 बजे वह अपनी दुकान में ताला बंद करके घर गए और साढ़े 10 बजे तक सो गए थे। रात करीब 12 बजे जैसे ही कुछ लोग एक कार खड़ी करके रॉड से शटर का ताला तोड़ने लगे तो बगल में मौजूद फॉरेस्ट विभाग के कर्मचारियों को इसकी भनक लगी और उन्हें फोन करते हुए जानकारी देने का प्रयास किया। लेकिन गहरी नींद में होने की वजह से वह कॉल रिसीव नहीं कर पाया। इसी दौरान रास्ते से गुजर रहे गांव के ही एक युवक जो जमशेदपुर से मजदूरी करके अपने घर लौट रहे थे, चोरी की घटना को देखकर सीधे उनके घर पहुंचे और उन्हें आवाज लगाते हुए जगाया। करीब 10 से 15 मिनट के अंदर 4-5 की संख्या में लोग दुकान के पास पहुंचे तो सभी लोग भाग गए थे।
इसके बाद दुकान का शटर उठाकर देखने पर पता चला कि दराज में रखा करीब 5 हजार रुपए नकद राशि के अलावा एक स्मार्ट फोन एवं अन्य कुछ सामान गायब है। दुकान का ताला टूटा हुआ अवस्था में पाया। सूचना पाकर काफी संख्या में लोग पहुंचे और चोरों के बारे में पता लगाने का प्रयास किया लेकिन कुछ पता नहीं चला। इसकी सूचना बोड़ाम थाना में दिए जाने पर मंगलवार की शाम को पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए छानबीन की। थाना प्रभारी मनोरंजन कुमार ने बताया कि चोरी की एक घटना हुई पुलिस द्वारा छानबीन की जा रही है।





