दो मध्य विद्यालयों को उत्क्रमित उच्च विद्यालय बनाने का प्रस्ताव पारित
Patamda: पटमदा प्रखंड कार्यालय में गुरुवार को प्रखंड शिक्षा समिति की एक आवश्यक बैठक बीडीओ शशि नीलिमा डुंगडुंग की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में शिक्षकों की कमी के कारण स्कूलों में पठन -पाठन में हो रही असुविधाओं पर चर्चा की गई। विधायक प्रतिनिधि चंद्रशेखर टुडू ने प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी कुमारी अनीता सिन्हा से एकल विद्यालयों में कम से कम दो शिक्षकों की पदस्थापना करने की मांग की है।
बैठक में चर्चा के पश्चात पटमदा के पश्चिम बंगाल सीमावर्ती क्षेत्र स्थित गेरुवाला व बनकुंचिया मध्य विद्यालय को उत्क्रमित उच्च विद्यालय में उत्क्रमण हेतु प्रस्ताव पारित कर जिला कार्यालय को भेज दिया गया। विधायक प्रतिनिधि ने बताया कि दोनों मध्य विद्यालयों का उच्च विद्यालय में उत्क्रमण हो जाने से उस क्षेत्र के बच्चों को उच्च शिक्षा हेतु 15 किमी दूरी तय करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इस दौरान एनआईएलपी एवं प्रखंड एम डी एम स्टेयरिंग कमिटी की समीक्षा भी की गई। बैठक में जिला पार्षद प्रदीप बेसरा व खगेंद्र नाथ महतो, प्रमुख बालिका सोरेन , सांसद प्रतिनिधि महावीर महतो, बीडीओ शशि नीलिमा डुंगडुंग, सीओ डॉ. राजेंद्र कुमार दास, बीईईओ कुमारी अनिता सिन्हा , बीपीओ शकुंतला महतो, अबनी कुमार महंती एवं शिक्षाविद पंचानन दास आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे।





