नियमितीकरण और समान वेतन की मांग को लेकर पंचायत सहायकों ने सौंपा ज्ञापन
Gurabanda : गुड़ाबांदा पंचायत सहायक संघ के एक प्रतिनिधिमंडल ने कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी के. राजू और प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश से मुलाकात कर अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। ग्रामीण विकास विभाग की मंत्री दीपिका पांडे सिंह के नाम संबोधित इस पत्र में पंचायत सहायकों ने अपने भविष्य को सुरक्षित करने से जुड़ी कई महत्वपूर्ण मांगें रखी हैं।
संघ की मुख्य मांग है कि पंचायत सहायकों के लंबे कार्य अनुभव और समर्पित सेवा को देखते हुए उन्हें संविदा स्थायी सेवा नियमावली के दायरे में लाकर सरकारी सेवा में नियमित किया जाए। साथ ही “समान कार्य के लिए समान वेतन” के सिद्धांत के आधार पर सम्मानजनक न्यूनतम वेतन सुनिश्चित करने की भी मांग की गई। प्रतिनिधिमंडल ने यह भी प्रस्ताव रखा कि भविष्य में पंचायत स्तर पर होने वाली सरकारी कर्मियों की नियुक्ति में कार्यरत पंचायत सहायकों को 80 प्रतिशत आरक्षण दिया जाए, ताकि लंबे समय से काम कर रहे सहायकों को प्राथमिकता मिल सके।
इस दौरान प्रदेश प्रभारी के. राजू और प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों को मंत्री दीपिका पांडे सिंह के समक्ष मजबूती से रखा जाएगा।
ज्ञापन सौंपने के मौके पर आशीष कुमार करण, माहेश्वर महतो, बसंती महतो, देवाशीष पातर, सुखदा हेंब्रम और प्रदीप मुर्मू समेत कई पंचायत सहायक उपस्थित थे।





