एमबीएनएस इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन ने किया एजुकेशनल टूर कम वार्षिक पिकनिक–2026 का आयोजन
Jamshedpur:एमबीएनएस इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन द्वारा शैक्षणिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से “एजुकेशनल टूर कम वार्षिक पिकनिक–2026” का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बी.एड. सत्र 2024–2026 के विद्यार्थियों ने संस्थान के शिक्षकों के साथ झारखंड के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल दशम फॉल, रांची का शैक्षणिक भ्रमण किया।
भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को प्राकृतिक धरोहरों, ऐतिहासिक महत्व और पर्यावरणीय जानकारी से अवगत कराना था। इस दौरान विद्यार्थियों ने दशम फॉल के इतिहास के बारे में जानकारी प्राप्त की तथा यह जाना कि इस जलप्रपात का पानी मुख्य रूप से कांची नदी से आता है, जो झारखंड के प्रमुख जल स्रोतों में से एक है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने जलप्रपात की प्राकृतिक सुंदरता का अवलोकन किया और पर्यावरण संरक्षण के महत्व को समझा। शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को प्रकृति और पर्यटन स्थलों के संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
इस अवसर पर संस्थान के संकाय सदस्यों की उपस्थिति में विद्यार्थियों ने विभिन्न सामूहिक गतिविधियों में भाग लिया और इस शैक्षणिक भ्रमण को यादगार बनाया। यह टूर विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक होने के साथ-साथ मनोरंजक और आपसी सहयोग की भावना को बढ़ाने वाला भी साबित हुआ। संस्थान प्रबंधन ने कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण से विद्यार्थियों के ज्ञान, अनुभव और सामाजिक समझ का विस्तार होता है तथा भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।





