सावित्री बाई फुले सेवा दल के शिविर में 52 रक्तवीरों ने किया रक्तदान
Jamshedpur: जमशेदपुर में सावित्री बाई फुले सेवा दल की ओर से रविवार को एक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। गर्मी के शुरुआती दौर में जब तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच रहा है और आम तौर पर इस मौसम में रक्तदान शिविरों की संख्या कम हो जाती है, ऐसे समय में इस पहल ने समाज के प्रति एक प्रेरणादायक संदेश दिया। यह शिविर देश की पहली महिला शिक्षाविद और समाज सुधारक सावित्री बाई फुले को समर्पित रहा।
जमशेदपुर ब्लड सेंटर में आयोजित इस शिविर में कुल 52 रक्तवीरों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता की सेवा का उदाहरण प्रस्तुत किया। संस्था के सदस्यों ने बताया कि सावित्री बाई फुले के विचारों और आदर्शों से प्रेरित होकर यह प्रयास किया गया, ताकि अस्पतालों में इलाजरत मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके और किसी की जान की कमी के कारण संकट में न पड़े। आयोजन को सफल बनाने में जमशेदपुर ब्लड सेंटर तथा सहयोगी संस्था प्रतीक संघर्ष फाउंडेशन का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम में समाजसेवी ज्योत्स्ना सरकार, पूरबी घोष, डॉ. एसके झा, चंदेश्वर भगत, शुभनारायण भगत, एसके डे, रविन्द्र सैनी, डॉ. महेंद्र और रविन्द्र कुमार अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
संस्था के संरक्षक राजेश भगत के मार्गदर्शन में महेश भगत, अजित कुमार भगत, अवधेश कुमार, उमेश राम, विनोद रजक, सुनील शर्मा, संजय केसरी, विनय कुमार भगत, सुबोध प्रभाकर, रवि शंकर, मीना देवी, धानो देवी, कुमारी देवी, हर प्रीया मुखी, विकास मुखी और धीरज मुखी सहित कई कार्यकर्ताओं ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग दिया। रक्तदान शिविर में युवाओं और समाजसेवियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने यह संदेश दिया कि जरूरतमंदों की मदद के लिए समाज हमेशा आगे आता है और रक्तदान जैसे मानवीय कार्य के माध्यम से कई जिंदगियां बचाई जा सकती हैं।





