पोखरिया पंचायत में महिला दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम, सैकड़ों महिलाएं शामिल
Patamda: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर बुधवार को पोखरिया पंचायत सचिवालय में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सुहागिनी टुडू और विशिष्ट अतिथि हिमानी महतो शामिल हुईं, जबकि संचालन प्रखंड समन्वयक मामोनी महतो ने किया। कार्यक्रम में क्षेत्र की सैकड़ों महिलाओं ने भाग लिया।
मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में महिला दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सावित्रीबाई फुले, कस्तूरबा गांधी तथा फूलो-झानो जैसी वीरांगनाओं के योगदान को स्मरण किया। वहीं हिमानी महतो ने महिलाओं के अधिकारों को लेकर समान काम के लिए समान वेतन, पेंशन में वृद्धि, भूमिहीनों को भूमि और बेघरों को आवास देने की मांग उठाई। उन्होंने आगामी 23 जून को रांची में आयोजित कार्यक्रम में अधिक से अधिक महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील भी की। कार्यक्रम के अंत में एकल नारी सशक्ति संगठन की पोखरिया पंचायत समिति का गठन किया गया, जिसमें 14 महिला लीडरों का चयन किया गया। धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।





