पटमदा में भाजपा के नवनियुक्त मंडल अध्यक्ष कृष्णपद सिंह का हुआ अभिनंदन
Patamda: पटमदा के लावा स्थित निताई सिंह भवन में गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी की ओर से आयोजित एक कार्यक्रम में पटमदा मंडल के नवनियुक्त अध्यक्ष कृष्णपद सिंह का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। कार्यक्रम के दौरान पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूल-मालाओं व भगवा अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया, जिससे पूरे माहौल में उत्साह और संगठनात्मक ऊर्जा देखने को मिली।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदीप कुमार महतो ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि हेमंत सोरेन सरकार चुनावी वादों को पूरा करने में पूरी तरह विफल रही है और झूठ के सहारे सत्ता में बनी हुई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से ऐसी सरकार के खिलाफ मुखर होकर आवाज उठाने की अपील की। साथ ही नव नियुक्त मंडल अध्यक्ष से संगठन को मजबूत बनाने के लिए नए और पुराने सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने का आग्रह किया। मंडल अध्यक्ष कृष्णपद सिंह ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे जल्द ही मंडल के सभी 59 बूथों के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठन को और सशक्त बनाने के लिए रणनीति तैयार करेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी कार्यकर्ताओं के सहयोग से पार्टी को जमीनी स्तर पर और मजबूत किया जाएगा। मौके पर जिला उपाध्यक्ष प्रदीप कुमार महतो, मुचीराम बाउरी, मंटू चरण दत्ता, शरत सिंह सरदार, महावीर महतो, निरंजन रजक, देवेंद्र कुंभकार, अजय प्रमाणिक, हिमांशु महतो, शशांख शेखर प्रमाणिक आदि मौजूद थे।





