गुड़ाबांदा: विधायक ने 1.31 करोड़ की सड़क व साइंस लैब निर्माण का किया शिलान्यास
दुर्गम इलाकों में सड़क निर्माण से लोगों को मिलेगी राहत, बच्चों को मिलेगी आधुनिक शिक्षा
Gurabanda: घाटशिला विधानसभा के विधायक सोमेश चंद्र सोरेन ने शनिवार को क्षेत्र के विकास को नई गति देते हुए लगभग 1.31 करोड़ रुपये की लागत वाली दो महत्वपूर्ण योजनाओं का विधिवत शिलान्यास किया। उन्होंने भालकी पंचायत के धनतोपा से तांतीपाड़ा जाने वाली सड़क के निर्माण कार्य का नारियल फोड़कर शुभारंभ किया। जिला योजना के डीएमएफटी फंड से बनने वाली इस एक किलोमीटर लंबी पीसीसी सड़क और चार आरसीसी पुलिया के निर्माण पर कुल 93 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। जिससे दुर्गम इलाकों तक स्थानीय ग्रामीणों को आवाजाही में बड़ी राहत मिलेगी।
इसी क्रम में विधायक ने दूसरी योजना का शिलान्यास मिलन बिथि प्लस टू उच्च विद्यालय परिसर में किया। झारखंड शिक्षा परियोजना के माध्यम से 37.88 लाख रुपये की लागत से तीन कमरों वाली एक अत्याधुनिक विज्ञान प्रयोगशाला तैयार किया जाएगा। इस संबंध में शिक्षा विभाग के कनीय अभियंता अनूप दास ने बताया कि प्रयोगशाला के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को विज्ञान की पढ़ाई में काफी मदद मिलेगी। शिलान्यास दौरान झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सुराई टुडू, बुकाई सोरेन, कालिपदो गोराई, उपाध्यक्ष भोगन मुर्मू, मुखिया कान्हाई लाल माहली शैलेंद्र बास्के , बिमल कर्मकार, राम कर्मकार मौजूद थे। साथ ही भाजपा मंडल अध्यक्ष गुरुचरण मांडी, सांसद प्रतिनिधि बब्रुवाहन घोष, रविंद्र नाथ गांतात, दिजेन प्रधान, सुमंत नायक, मदन मोहन महतो, संजय महतो सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


