45 करोड़ की लागत से बनेगी 19 किमी सड़क, सांसद विधायक ने किया शिलान्यास
पटमदा के कई गांवों को मिलेगा सीधा लाभ, बंगाल से जुड़ेंगे लोग
Patamda: पटमदा प्रखंड के ग्रामीण क्षेत्रों के लिए एक महत्वपूर्ण सौगात के रूप में गोपालपुर से पश्चिम बंगाल सीमा तक बनने वाली 19 किलोमीटर लंबी सड़क का शिलान्यास शनिवार को किया गया। जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो एवं जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी ने संयुक्त रूप से नारियल फोड़कर निर्माण कार्य की शुरुआत की। यह सड़क गोपालपुर से कुमारदा, हुडुम्बिल, हुटुपाथर, बनकुंचिया, कांकु होते हुए दांदुडीह (पश्चिम बंगाल सीमा) तक बनाई जाएगी। लगभग 45 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस योजना का निर्माण पथ निर्माण विभाग, जमशेदपुर की देखरेख में सीआरआईएफ (सेंट्रल रोड इन्फ्रास्ट्रक्चर फंड) के तहत किया जाएगा। निर्माण कार्य का जिम्मा मेसर्स दिलीप कुमार, रांची को दिया गया है।
विभागीय कनीय अभियंता अमित रंजन के अनुसार सड़क की चौड़ाई साढ़े पांच मीटर होगी, जिसमें पीसीसी एवं कालीकरण दोनों शामिल रहेंगे। सड़क निर्माण पूरा होने के बाद एक दर्जन से अधिक गांवों के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी और पश्चिम बंगाल तक पहुंचने में समय की बचत होगी।
इस अवसर पर स्थानीय जिला पार्षद खगेन चंद्र महतो, विधायक प्रतिनिधि चंद्रशेखर टुडू, प्रमुख बालिका सोरेन, उप प्रमुख श्रीदेवी माझी, प्रदीप कुमार महतो, सुभाष कर्मकार, महाबीर महतो, मुचीराम बाउरी, संदीप मिश्रा, माणिक चंद्र महतो, कृपासिंधु महतो, मधुसूदन महतो, अश्विनी महतो, शंभू दास, विश्वनाथ माझी, मुरारी मोहन पाल, संजय प्रमाणिक, दीपंकर महतो, जामिनी प्रमाणिक, गोपाल महतो, मंटू महतो व अश्विनी सिंह सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।






























