हरि हाट की पूर्व संध्या पर निकाली गई भव्य कलश यात्रा, लावा में हरिनाम संकीर्तन सोमवार से

Patamda: पटमदा प्रखंड के लावा सार्वजनिक हरि मंदिर में हरि परायण संघ के तत्वावधान में रविवार को हरि हाट की पूर्व संध्या पर भव्य कलश यात्रा निकाली गई। इस धार्मिक आयोजन में हजारों की संख्या में महिला, पुरुष एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पटमदा बाजार स्थित छोटा तालाब से कुंवारी कन्याओं एवं महिलाओं ने कलश में जल भरकर 2 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय करते हुए मंदिर परिसर पहुंचकर विधिवत कलश स्थापना की। इस दौरान कोलकाता से आई महिला ढाकी दल और हरिनाम संकीर्तन की झांकी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही। बेलटांड़ चौक पर महिला कलाकारों ने अपने वाद्य यंत्रों की मनमोहक प्रस्तुति से उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कलश यात्रा के दौरान टाटा–पटमदा मुख्य मार्ग पर कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बनी, लेकिन समिति सदस्यों एवं पटमदा थाना पुलिस की तत्परता से यातायात सामान्य रही। कार्यक्रम के पश्चात श्रद्धालुओं के बीच खिचड़ी भोग का वितरण किया गया। ग्राम प्रधान बृंदावन दास ने बताया कि सोमवार भोर से 6 मार्च तक सात दिवसीय अखंड हरिनाम संकीर्तन (हरि हाट) का आयोजन किया जाएगा, जिसमें हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी प्रतिदिन हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।






























