शिव चड़क पूजा पर बांतोड़िया में सजी सांस्कृतिक संध्या, छऊ नृत्य ने बांधा समां
Patamda: पटमदा प्रखंड की लच्छीपुर पंचायत अंतर्गत बांतोड़िया-श्रीरामपुर गांव में शिव पूजा के पावन अवसर पर सोमवार (बांग्ला 6 बैशाख) को एक दिवसीय भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महादेव गोड़ा किसान समिति द्वारा हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी उत्साहपूर्वक किया गया। समिति के सचिव अनूप कुमार महतो ने बताया कि शिव पूजा के अवसर पर आयोजित इस सांस्कृतिक संध्या में पश्चिम मेदनीपुर से आई किरण माला नृत्य झंकार टीम ने आकर्षक नृत्य-संगीत प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम की विशेष आकर्षण देर रात आयोजित छऊ नृत्य रहा, जिसमें तीन प्रतिष्ठित दलों ने अपनी प्रस्तुति दी। ओस्ताद सुदर्शन सिंह सरदार, पलमा के हेमचंद्र महतो तथा रासु सहिस की टीम ने पौराणिक एवं धार्मिक कथाओं को छऊ नृत्य के माध्यम से जीवंत कर दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम को देखने के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और देर रात तक सांस्कृतिक प्रस्तुति का आनंद लिया। इस आयोजन को सफल बनाने में समिति के अध्यक्ष भीम महतो, सचिव अनूप कुमार महतो, ग्राम प्रधान सुखदेव भुइंया, विभूति हांसदा, कालीपद प्रमाणिक, गणेश सिंह, राधा गोविंद सिंह, सुसेन गोराई, अभिराम सिंह, बरुण महतो एवं आशुतोष महतो सहित कई ग्रामीणों का सराहनीय योगदान रहा।






























