कुईयानी चड़क मेला में उमड़ी आस्था, भोक्ताओं ने दिखाए करतब
Patamda : बोड़ाम प्रखंड के कुईयानी गांव में सोलोआना मेला कमेटी द्वारा आयोजित तीन दिवसीय वार्षिक चड़क मेला के दूसरे दिन रविवार को जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने मंदिर में मत्था टेककर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर विधायक मंगल कालिंदी ने कहा कि चड़क मेला हमारी लोक संस्कृति और आस्था का महत्वपूर्ण पर्व है। भगवान शिव की आराधना में आयोजित इस मेले का विशेष धार्मिक महत्व है। उन्होंने कहा कि मान्यता है कि कुईयानी चड़क पूजा मेला में भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त होने से श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। यही कारण है कि यहां हर वर्ष हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है।
उन्होंने कहा कि ऐसे मेले सामाजिक एकता और भाईचारे को भी मजबूत करते हैं। विधायक ने लोगों से शांतिपूर्ण वातावरण में मेला का आनंद उठाने की अपील की। मेला कमेटी की ओर से इस दौरान ग्यारह भोक्ता गाछ गाड़ा गया। देर शाम तक श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के प्रति अपनी आस्था प्रकट करते हुए पीठ में लोहे का अंकुश लगाकर करीब 40 फीट ऊंचाई पर लकड़ी के सहारे घूमते हुए हैरतअंगेज करतब दिखाए, जो मेले का मुख्य आकर्षण बना रहा। मेला कमेटी के अध्यक्ष आदित्य प्रताप सिंह ने बताया कि शनिवार रात आयोजित होने वाला छऊ नृत्य कार्यक्रम भारी बारिश के कारण स्थगित करना पड़ा। उन्होंने बताया कि सोमवार को तेल हल्दिया कार्यक्रम के साथ मेले का समापन होगा। मौके पर दीपंकर महतो, काजल सिंह, परेश दत्त, आदित्य प्रताप सिंह, चित्त रंजन महतो समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।




