प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए भाजपा का किसान कार्यशाला आयोजित, वैज्ञानिकों ने दी महत्वपूर्ण जानकारी
Patamda : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल को विश्वास, विकास और जनकल्याण के रूप में रेखांकित करते हुए भाजपा किसान मोर्चा, जमशेदपुर महानगर की ओर से रविवार को किसानों के लिए प्राकृतिक खेती विषयक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम लावा स्थित निताई सिंह भवन में किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष मुचीराम बाउरी की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
कार्यशाला में दारीसाई कृषि विज्ञान केंद्र की वैज्ञानिक डॉ. सीमा सिंह ने किसानों को प्राकृतिक खेती के महत्व, उसके लाभ तथा आधुनिक कृषि में उसकी उपयोगिता पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने रासायनिक खेती के दुष्प्रभावों का उल्लेख करते हुए प्राकृतिक खेती को पर्यावरण के अनुकूल और किसानों के लिए लाभकारी बताया। साथ ही किसानों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया। इस अवसर पर भाजपा किसान मोर्चा के प्रभारी राजीव रंजन ने कहा कि केंद्र सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। प्राकृतिक खेती इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे खेती की लागत घटेगी और भूमि की उर्वरता भी बनी रहेगी। कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा जिला अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसानों के हित में अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ देशभर के किसान उठा रहे हैं। उन्होंने किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने का आह्वान भी किया।
कार्यक्रम में किसान मोर्चा प्रदेश मंत्री सदानंद महतो, पटमदा मंडल प्रभारी संदीप कुमार मिश्रा, पटमदा मंडल अध्यक्ष कृष्णपद सिंह, कमलपुर मंडल अध्यक्ष मधुसूदन महतो, शरत सिंह सरदार, सुभाष महतो, शांतनु मुखर्जी, मुरारी मोहन पाल, दीपक महतो, भीम चंद्र महतो, सरस्वती महतो, विमल मंडल, निरंजन रजक, शशांक शेखर प्रमाणिक व देवेंद्र कुंभकार सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।



