सुबह 10 बजे से चार घंटे तक बंद रहेगा माचा फीडर
Patamda: पटमदा विद्युत सबस्टेशन से संचालित माचा फीडर में आवश्यक रखरखाव कार्य के कारण बुधवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। इस दौरान माचा एवं रांगाटांड़ गांव सहित महुलबना पंचायत के सभी गांवों में बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। इस संबंध में मानगो क्षेत्र के सहायक अभियंता मोहम्मद शाहनवाज अंसारी ने बताया कि बरसात के मौसम में उपभोक्ताओं को निर्बाध और सुरक्षित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह मेंटेनेंस कार्य कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि माचा फीडर में पुराने ब्रेकर को बदलने का कार्य किया जाएगा, जिसके लिए निर्धारित अवधि तक बिजली आपूर्ति बंद रखना आवश्यक है।
विभाग ने क्षेत्र के उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि लोग पूर्व तैयारी कर लें, ताकि बिजली कटौती के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। विभाग के अनुसार, कार्य निर्धारित समय से पहले पूरा होने पर विद्युत आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जाएगा। विद्युत विभाग का कहना है कि समय-समय पर किए जाने वाले ऐसे रखरखाव कार्य बिजली व्यवस्था को अधिक मजबूत और विश्वसनीय बनाने के लिए आवश्यक हैं, जिससे विशेषकर बरसात के मौसम में होने वाली तकनीकी बाधाओं को कम किया जा सके।



