अज्ञात कार की टक्कर से दो बाइक सवार चार युवक घायल, दो की हालत गंभीर

Patamda : बोड़ाम थाना क्षेत्र के बोंटा पंचायत मंडप के समीप सात नाला रोड पर सोमवार शाम करीब साढ़े आठ बजे एक अज्ञात कार ने दो बाइकों को टक्कर मार दी। इस हादसे में दोनों बाइकों पर सवार चार युवक घायल हो गए। घटना के बाद कार चालक वाहन लेकर बोड़ाम की ओर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही युवा समाजसेवी उमेश महतो मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को टेंपो के माध्यम से अस्पताल भिजवाने की व्यवस्था की। साथ ही उन्होंने घटना की जानकारी बोड़ाम थाना प्रभारी नीरज कुमार को भी दी। सूचना पाकर पहुंची बोड़ाम पुलिस ने एमजीएम अस्पताल में घायलों की जानकारी ली। घायलों में पटमदा थाना क्षेत्र के चौरा गांव निवासी रवि महतो शामिल हैं, जबकि दूसरी बाइक पर सवार तीन युवक डिमना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। सभी घायलों का इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा है।


घायलों की पहचान मिर्जाडीह निवासी संजय लोहार (15), गोकुलनगर निवासी आकाश महतो (18), डिमना निवासी विजय लोहार (16) एवं चौरा निवासी रवि महतो के रूप में हुई है। उमेश महतो ने बताया कि दुर्घटना के बाद एंबुलेंस सेवा के लिए 108 और 102 नंबर पर कई बार संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं होने के कारण समय पर एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो सकी। ऐसे में स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। उन्होंने कहा कि बोंटा पंचायत क्षेत्र से गुजरने वाली टाटा-पटमदा मुख्य सड़क एवं बोंटा-बोड़ाम सात नाला मार्ग पर पिछले कुछ महीनों में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या बढ़ी है। आपात स्थिति में एंबुलेंस की सुविधा नहीं मिलने से घायलों को समय पर उपचार नहीं मिल पाता है। स्थानीय लोगों ने बोंटा पंचायत क्षेत्र में स्थायी रूप से एक एंबुलेंस की व्यवस्था करने की मांग की है। बताते हैं कि चौरा निवासी रवि महतो बोंटा गांव में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने के बाद अपने घर लौट रहे थे जबकि डिमना गोकुलनगर निवासी तीनों युवक बंगाल के गोकुलनगर से अंबुबाची पर्व मनाकर अपने घर लौट रहे थे।



