झारखंड आंदोलन के महानायक बाबा को पद्म भूषण सम्मान, गौरव का क्षण : महाबीर मुर्मू
Jamshedpur : झारखंड आंदोलन के महानायक, शोषितों, वंचितों और आदिवासी समाज के मसीहा आदरणीय बाबा को पद्म भूषण सम्मान मिलने पर झामुमो नेता महाबीर मुर्मू ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे पूरे झारखंड की अस्मिता, संघर्ष और स्वाभिमान का सम्मान बताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल एक व्यक्ति को मिला पुरस्कार नहीं है, बल्कि झारखंड की आत्मा, उसकी पहचान और लंबे संघर्ष की मान्यता है।
महाजनी प्रथा के खिलाफ आवाज उठाने से लेकर अलग झारखंड राज्य के गठन तक बाबा का योगदान ऐतिहासिक और अविस्मरणीय रहा है। महाबीर मुर्मू ने कहा कि बाबा ने अपने पूरे जीवन को जल, जंगल, जमीन और आदिवासी-मूलवासी समाज के अधिकारों की लड़ाई के लिए समर्पित किया। पद्म भूषण सम्मान से न केवल उनके संघर्षों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है, बल्कि झारखंड के करोड़ों लोगों की भावनाओं का भी सम्मान हुआ है। उन्होंने कहा कि यह पूरे झारखंडवासियों के लिए गर्व और गौरव का क्षण है।



