दगड़ीगोड़ा में रथयात्रा की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित, 16 जुलाई को निकलेगी भव्य रथयात्रा
Patamda: कमलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत श्री श्री दगड़ीगोड़ा स्थित हरि साधना आश्रम में मंगलवार को श्री श्री जगन्नाथ महाप्रभु मंदिर कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता गिरिजा प्रसाद मिश्रा ने की। बैठक में आगामी 16 जुलाई को दगड़ीगोड़ा जगन्नाथ मंदिर से गोपालपुर मौसीबाड़ी तक निकलने वाली भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
आयोजन को भव्य एवं सफल बनाने के लिए विभिन्न समितियों की जिम्मेदारियां तय की गईं तथा श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक तैयारियों पर विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर कमलपुर थाना प्रभारी अशोक कुमार एवं अवर निरीक्षक पुरुषोत्तम कुमार राय ने भी उपस्थित होकर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक सुझाव दिए और प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। बैठक में मृत्युंजय महतो, प्रेमचांद महतो, शंभू दास, गोपाल गोराई, बासुदेव मिश्रा, संदीप कुमार मिश्रा, प्रदीप कुमार महतो, कृपसिंधु महतो, त्रिलोचन मिश्रा, हाराधन घोषाल, अजीत दत्त, कार्तिक मिश्रा एवं अनंत लाल मिश्रा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। रथयात्रा को लेकर क्षेत्र के श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है और आयोजन को सफल बनाने के लिए मंदिर कमेटी एवं स्थानीय ग्रामीण जुट गए हैं।



