डीएमएफटी से पांच जर्जर प्राथमिक विद्यालयों के नए भवन निर्माण की विधायक ने की अनुशंसा
Patamda: जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) की वार्षिक कार्य योजना में पटमदा प्रखंड के पांच जर्जर प्राथमिक विद्यालयों के नए भवन निर्माण को शामिल करने की अनुशंसा की है। इस संबंध में विधायक ने सोमवार को पूर्वी सिंहभूम के उप विकास आयुक्त को पत्र भेजकर कहा है कि उनके विधानसभा क्षेत्र की जनहित से जुड़ी इन योजनाओं को डीएमएफटी की वार्षिक कार्य योजना में शामिल करते हुए शीघ्र कार्यान्वयन सुनिश्चित किया जाए। विधायक ने जिन विद्यालय भवनों के निर्माण की अनुशंसा की है, उनमें कुकड़ु, जामडीह, बिड़रा, कुआरामा एवं नूतनडीह प्राथमिक विद्यालय का नया भवन की योजना शामिल हैं।
विधायक मंगल कालिंदी ने अपने पत्र में कहा है कि ये सभी जनोपयोगी योजनाएं क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से इन योजनाओं को डीएमएफटी की वार्षिक कार्य योजना में शामिल कर जल्द स्वीकृति एवं निर्माण कार्य शुरू कराने का आग्रह किया है।


