जेएससीए स्टेडियम में बोड़ाम के कलाकारों ने छऊ नृत्य से किया भारतीय और वेस्टइंडीज टीम का स्वागत
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में झारखंड की लोकसंस्कृति की दिखी झलक
Jamshedpur : रांची स्थित जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में भारत और वेस्टइंडीज के शुक्रवार को बीच खेले गए दूसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच के अवसर पर पूर्वी सिंहभूम जिले के बोड़ाम प्रखंड के शुक्ला गांव के कलाकारों ने पारंपरिक छऊ नृत्य प्रस्तुत कर दोनों टीमों का स्वागत किया। अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन में अपनी कला का प्रदर्शन करने का अवसर मिलने से कलाकारों में उत्साह और गर्व का माहौल रहा।
विनायक छऊ एंड नटुआ डांस सोसाइटी के कलाकारों ने अपनी पारंपरिक नृत्य कला के माध्यम से झारखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और सांस्कृतिक विरासत की झलक पेश की। इस प्रस्तुति के जरिए ग्रामीण कलाकारों को बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला। दल के नेता विश्वदेव महतो ने कहा कि इतने बड़े अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन में भारतीय और वेस्टइंडीज क्रिकेट टीमों के स्वागत के लिए छऊ नृत्य प्रस्तुत करना उनके दल के लिए गौरव की बात है। यह अवसर कलाकारों के लिए सम्मान के साथ-साथ झारखंड की पारंपरिक कला और संस्कृति को व्यापक पहचान दिलाने का माध्यम भी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ऐसे आयोजनों में पारंपरिक लोक कलाओं को अवसर मिलने से ग्रामीण कलाकारों का उत्साह बढ़ेगा और झारखंड की सांस्कृतिक पहचान राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत होगी।




