काटिन में दिवंगत भाजपा नेता करुणासिंधु महतो को 94 यूनिट रक्तदान कर दी गई रक्तांजलि
Patamda : कमलपुर मंडल के काटिन स्थित सामुदायिक विकास भवन में शनिवार को स्व. करूणासिंधु महतो की स्मृति में भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन भाजपा कमलपुर मंडल के पूर्व अध्यक्ष कृपासिंधु महतो के नेतृत्व में ब्रह्मानंद नारायणा मल्टी-स्पेशलिटी हॉस्पिटल, जमशेदपुर के सहयोग से किया गया। शिविर में ग्रामीणों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कुल 94 यूनिट रक्तदान किया। कार्यक्रम की शुरुआत भाजपा के पूर्व पटमदा मंडल अध्यक्ष स्व. करूणासिंधु महतो के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर हुई। इसके बाद रक्तदान शिविर का शुभारंभ किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने मानव सेवा के इस अभियान में अपनी सहभागिता निभाई।
इस अवसर पर पूर्व मंडल अध्यक्ष कृपासिंधु महतो ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा दान है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचा सकता है। उन्होंने लोगों, विशेषकर युवाओं से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना समय की आवश्यकता है। शिविर को सफल बनाने में भाजपा के जमशेदपुर महानगर जिला उपाध्यक्ष प्रदीप कुमार महतो, कमलपुर मंडल अध्यक्ष मधुसूदन महतो, परीक्षित महतो, प्रबोध महतो, पंचानन महतो, राजेश दास, गिरिजा प्रसाद मिश्र, शरत सिंह सरदार, संदीप मिश्रा, मुरारी पाल, रमानाथ कैवर्त, मंटू चरण दत्त सहित अनेक कार्यकर्ताओं और स्थानीय ग्रामीणों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। ब्रह्मानंद नारायणा मल्टी-स्पेशलिटी हॉस्पिटल की चिकित्सकीय टीम ने सभी रक्तदाताओं का स्वास्थ्य परीक्षण करने के बाद ही रक्त संग्रह किया। रक्तदान करने वाले सभी 94 रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र एवं हेलमेट देकर सम्मानित किया गया। आयोजन के दौरान रक्तदान के प्रति लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला।


